धमतरी में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत हुआ अनूठा आयोजन, 500 वरिष्ठ नागरिकों का हुआ भव्य सम्मान.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
धमतरी, छत्तीसगढ़ में जारी 'सेवा संकल्प अभियान' के सिलसिले में धमतरी के मेनोनाइट हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस और गांधी जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह में समाज के वरिष्ठ स्तंभों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने जिलेभर से पहुंचे करीब 500 बुजुर्ग माता-पिता का आत्मीय अभिनंदन किया और उन्हें शॉल व श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया।

सहायक उपकरणों और स्वामित्व पत्रों का वितरण -
समारोह के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई दिया। इस मौके पर लगभग 40 पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र सौंपे गए। इसके अलावा, जरूरतमंद दिव्यांगों और बुजुर्गों की सुगमता के लिए व्हीलचेयर समेत अन्य जरूरी सहायक उपकरण बांटे गए, जबकि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

पोषण माह और स्वास्थ्य जांच पर जोर -
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पोषण माह के तहत 'आंगन मिलन सेवा' का भी आयोजन किया गया। इस पहल के तहत मंत्री ने पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रूप से गोद भराई कर उन्हें सेहतमंद पोषण किट सौंपी। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा भी लिया गया, जहां स्वास्थ्य शिविर में मंत्री ने खुद अपना ब्लड प्रेशर चेक करवाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
वरिष्ठों का आशीर्वाद राष्ट्र निर्माण की नींव: कैबिनेट मंत्री -
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि बुजुर्गों का लंबा जीवन और उनके अनुभव समाज के लिए एक खुली हुई किताब और अमूल्य धरोहर हैं। उनका मार्गदर्शन नई पीढ़ी को सही राह दिखाने का काम करता है। उन्होंने रेखांकित किया कि देश और समाज के विकास में वरिष्ठ नागरिकों का योगदान अतुलनीय है और उनका सम्मान हमारी संस्कृति व प्राथमिकता दोनों होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के ढाई दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में यह जन-कल्याणकारी अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पंक्ति के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' के सपने को साकार करते हुए केंद्र और छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और महतारी वंदन जैसी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

देहदान का संकल्प और नशामुक्ति की अपील -
कार्यक्रम के मंच से समाज में एक सकारात्मक संदेश देते हुए देहदान और अंगदान करने वाले संभ्रांत नागरिकों के जज्बे को नमन किया गया, जिसे मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया गया। इसके साथ ही युवाओं से विशेष आह्वान किया गया कि वे नशे की लत से दूर रहें, क्योंकि देश का भविष्य युवा शक्ति के कंधों पर टिका है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी अपने विचार रखे और जिला प्रशासन की ओर से बुजुर्गों के सम्मान व सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments