अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर पामगढ़ में विशेष विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित; बुजुर्गों के कानूनी अधिकारों और सेहत की हुई जांच....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
पामगढ़, जांजगीर-चांपा | 01 अक्टूबर 2026
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर-चांपा के दिशा-निर्देशों के तहत और तालुका विधिक सेवा समिति, पामगढ़ के सहयोग से जनपद पंचायत सभागार में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एक भव्य विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पामगढ़ की मेडिकल टीम ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का बी.पी., शुगर, नेत्र परीक्षण समेत अन्य स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
बुजुर्ग समाज की मजबूत नींव: वक्ता -
कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव भिलौनी द्वारा किया गया। शिविर में पैरा लीगल वालंटियर कलाराम सांडील ने वृद्धजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि बुजुर्ग परिवार के लिए बोझ नहीं, बल्कि आशीर्वादस्वरूप हैं। जिस प्रकार गहरी जड़ें पेड़ को हरा-भरा रखती हैं, वैसे ही वरिष्ठ नागरिकों का मार्गदर्शन परिवार और समाज को मजबूत बनाता है।
कानूनी अधिकारों और योजनाओं की दी गई जानकारी -
पैरा लीगल वालंटियर राजेश कुमार कश्यप ने NALSA (वरिष्ठ नागरिक) योजना 2016 तथा 'माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007' की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संतान माता-पिता की देखरेख न करे, तो वे एसडीएम (SDM) न्यायालय में आवेदन कर 90 दिनों के भीतर 10,000 रुपये प्रतिमाह तक भरण-पोषण प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही धोखे से लिखवाई गई संपत्ति की रजिस्ट्री को भी निरस्त कराया जा सकता है। आपातकालीन या निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए डीएलएसए (DLSA) हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जागरूक किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति -
इस आयोजन में जनपद पंचायत सीईओ मणिशंकर कौशिक, जनपद अध्यक्ष मानेश जांगड़े, उपाध्यक्ष रूपचंद साहू, सभापति अश्वनी कुर्रे, सहरलाल साहू, जनपद सदस्य रामचंद भेड़पाल, प्रतिनिधि जय कुमार साहू, सन्नी यादव, राहुल सिंह, नरेंद्र कुर्रे, पंचायत इंस्पेक्टर पी.एस. पटेल, रामखिलावन दिनकर, सचिव उमेद दिनकर सहित समस्त पंचायत सचिव, स्वास्थ्य विभाग की टीम और बड़ी संख्या में गणमान्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments