दुर्ग में 35 टन माल गबन मामले का पर्दाफाश, रायपुर से भागा ट्रांसपोर्टर धराया...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में माल ढुलाई के दौरान हुई बड़ी धोखाधड़ी में पुलिस को अहम कामयाबी हाथ लगी है। पंजाब भेजे जा रहे करीब 35 टन DOC (साल बीज खली) को बीच रास्ते में ही गायब करने के मुख्य आरोपी ट्रांसपोर्टर को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी को रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र से पकड़ा गया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने पहले ही ट्रक और पूरा माल अपने कब्जे में ले लिया था, जबकि मामले में शामिल ट्रक ड्राइवर की तलाश अभी भी सरगर्मी से की जा रही है।
इस तरह सामने आया गड़बड़ी का पूरा मामला -
भिलाई के करंजा स्थित मनोरमा इंडस्ट्रीज के प्रबंधक ने पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कंपनी ने यूटीएस ट्रांसपोर्ट के जरिए 22 नवंबर 2025 को 35.222 टन माल पंजाब के बठिंडा भेजने का अनुबंध किया था। इसके लिए ट्रक नंबर एमपी 16 एच 5792 तय किया गया था और ढुलाई का कुल किराया 1 लाख 39 हजार 471 रुपये तय हुआ था। ट्रांसपोर्ट संचालक को अग्रिम तौर पर 1 लाख 9 हजार 471 रुपये का भुगतान भी किया जा चुका था, लेकिन तय समय पर माल अपने ठिकाने पर नहीं पहुंचा।
एडवांस मिलने के बावजूद नहीं भेजा गया सामान -
प्रबंधक की शिकायत के मुताबिक, ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे, वाहन मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित और चालक जयप्रकाश को माल सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। रुपए मिलने के बाद भी सामान बठिंडा नहीं पहुंचने पर कंपनी ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।
पुलिस ने पहले ही जब्त कर लिया था वाहन और माल -
तपिश के दौरान पुलिस ने वाहन मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित से घटना में इस्तेमाल ट्रक और पूरा 35 टन से ज्यादा माल बरामद कर लिया था। सामान मिलने के बाद पुलिस ने फरार चल रहे ट्रांसपोर्टर की घेराबंदी शुरू कर दी थी। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर 2026 को रायपुर के टाटीबंध इलाके से मुख्य आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान अवनीश दुबे (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से टाटीबंध रायपुर का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसे दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कांड में संलिप्त चालक जयप्रकाश की सरगर्मी से तलाश जारी है।
पुलिस की व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील -
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कारोबारियों और आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी ट्रांसपोर्टर को माल सौंपने से पहले उसके दस्तावेजों, गाड़ी के कागजात और ड्राइवर की पूरी जानकारी का सत्यापन अवश्य कर लें। साथ ही, भुगतान और सुपुर्दगी से जुड़े सभी रिकॉर्ड संभाल कर रखें ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना देने की बात कही गई है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments