चयन ट्रायल के बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्टेड....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले सीजन के लिए रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में चल रहा दो दिवसीय चयन ट्रायल रविवार को संपन्न हो गया। इस बहुप्रतीक्षित ट्रायल के लिए 373 खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 223 खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर अपना दमखम दिखाया। दो दिनों तक चले कड़े मूल्यांकन और खेल कौशल के प्रदर्शन के आधार पर 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने मैदान में बैठकर खेल का आनंद लिया, खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें निरंतर अभ्यास कर अपने खेल को और निखारने के लिए प्रेरित किया।

अरुण साव ने इस आयोजन को राज्य की हॉकी प्रतिभाओं के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ में हॉकी को लेकर शानदार उत्साह और टैलेंट मौजूद है। सरकार का मुख्य लक्ष्य खिलाड़ियों को एक बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल और आगे बढ़ने के लिए जरूरी मंच प्रदान करना है। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव और सचिव फिरोज अंसारी भी मौजूद रहे।

8 अक्टूबर को सजेगा प्लेयर ड्राफ्ट का बाजार -
चयन ट्रायल पूरा होने के बाद अब सभी की निगाहें टीम गठन की ओर हैं। आगामी 8 अक्टूबर को रायपुर में सीएचएल प्लेयर ड्राफ्ट का आयोजन किया जाएगा। इस ड्राफ्ट में शॉर्टलिस्ट किए गए इन्हीं 130 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा, जिनमें से 6 फ्रेंचाइजी टीमें अपने-अपने दल के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगी। इसके बाद लीग के पहले सीजन के लिए सभी टीमों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments