लैंगिक संवेदनशीलता और समानता की दिशा में युवाओं की भागीदारी: रायपुर के महाविद्यालय में विशेष संगोष्ठी का आयोजन...
ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-

रायपुर: संत गोविंद राम शदाणी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, देवेंद्र नगर, रायपुर में पी.एम. उषा योजना के अंतर्गत "लैंगिक संवेदनशीलता: एक कदम समानता की ओर" विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई।
इस संगोष्ठी की मुख्य वक्ता पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के विधि विभाग की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रिया राव रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उषा किरण अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान का प्रचार-प्रसार करना और समाज को जागरूक बनाना ही हमारा मुख्य उत्तरदायित्व है। परिवार से मिलने वाले संस्कार संवेदनशीलता की पहली सीढ़ी हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि छात्राओं में वैचारिक दृढ़ता, भावनात्मक मजबूती के साथ-साथ दया और करुणा के भाव भी विकसित हों।
मुख्य वक्ता डॉ. प्रिया राव ने अपने वक्तव्य में सामाजिक सहभागिता और कानूनी अधिकारों की जानकारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति पक्षपाती रवैये की शुरुआत अक्सर परिवार से ही होती है, जिसे घरेलू व्यवहार में सुधार लाकर ही बदला जा सकता है। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों और उनके सही उपयोग के साथ-साथ कानूनी प्रावधानों के दुरुपयोग से बचने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। डॉ. राव ने विवाह को एक सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए छात्रों को कानून का सम्मान करने, समाचार-पत्र पढ़ने और तकनीकी रूप से अपडेट रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन पूजा रंजना यादव ने किया। इस संगोष्ठी की संयोजक डॉ. सुषमा तिवारी (अंग्रेजी विभाग अध्यक्ष) और सह-संयोजक डॉ. संगीता झा एवं पूजा रंजना यादव थीं।
प्रतियोगिता के विजेता:
कार्यक्रम के अंत में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया:
नारा-लेखन: प्रथम स्थान डी. त्रिवेणी (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, समाजशास्त्र) और द्वितीय स्थान जैनव वाल (बीएससी पंचम सेमेस्टर) ने प्राप्त किया।
निबंध-लेखन: प्रथम स्थान रत्न प्रभा (बीए तृतीय सेमेस्टर) और द्वितीय स्थान चंचल नेकहा (बीएससी पंचम सेमेस्टर) रहीं।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. अग्रवाल ने मुख्य वक्ता डॉ. राव को स्मृति चिन्ह भेंट किया, और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संगीता झा द्वारा किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के तमाम वरिष्ठ प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments