बसना के सरस्वती शिशु मंदिर में गूंजा 'वंदे मातरम्', विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
बसना। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना में 'वंदे मातरम्' सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. संपत अग्रवाल ने माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने ईश्वर से बसना क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में मौजूद सैकड़ों विद्यार्थियों, आचार्यों और अतिथियों ने एक स्वर में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का ओजस्वी गायन किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से गुंजायमान हो उठा।
अपने उद्बोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि 'वंदे मातरम्' केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति हमारी अगाध श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का परम प्रतीक है। आजादी के आंदोलन से लेकर आज तक इस गीत ने हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम जगाया है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती जैसी संस्थाएं भावी पीढ़ी में सांस्कृतिक मूल्यों का बीजारोपण कर देश निर्माण में अतुलनीय योगदान दे रही हैं।
विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए विधायक ने कहा कि विद्यार्थी जीवन ही मनुष्य के चरित्र और भविष्य की वास्तविक आधारशिला है। अनुशासन, कड़े परिश्रम और उच्च संस्कारों से ही जीवन के हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहराया जा सकता है। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं में ही राष्ट्र का स्वर्णिम भविष्य और अपार सामर्थ्य छिपा है। सफलता-असफलता से परे पूरे आत्मविश्वास और निष्ठा के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें और अपनी शिक्षा का उपयोग समाज व राष्ट्र कल्याण के लिए करें।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन समिति और आचार्यों द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. संपत अग्रवाल का स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पंचायत बसना अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश चौधरी, डॉ. एन.के. अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कामेश बंजारा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, आनंद राम मंदनानी, शिशु मंदिर अध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल, प्रधान आचार्य धनुर्जय साहू, महामंत्री दीपक शर्मा, सरोज पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष दीपा अरुण साहू, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, सुकदेव वैष्णव, निर्मल दास, युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिन्हा, पूर्व प्राचार्य रमेश कर सहित विद्या भारती के पदाधिकारी, विद्यालय समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments