MY Bharat के स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत विद्या वाटिका में चला स्वच्छता अभियान, 40 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा......
- ANIS LALA DANI

- 2 days ago
- 1 min read

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से -
रायपुर। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) रायपुर द्वारा विद्या वाटिका में विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में 40 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मेरा युवा भारत छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही दुर्गा कॉलेज की प्रोफेसर सुनीता चौनसोरिया मैडम एवं वार्ड पार्षद आनंद अग्रवाल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने विद्या वाटिका परिसर की साफ-सफाई करते हुए कुल 7 बैग प्लास्टिक कचरा एकत्र किया। स्वच्छता के साथ-साथ परिसर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। MY Bharat स्वयंसेवकों ने वहां की दीवारों एवं पेड़ों पर पेंटिंग और रंग-रोगन कर परिसर को आकर्षक रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (National Youth Volunteers) सौमित्र साहा, एकता साहू एवं अपूर्व चंद्राकर की सक्रिय भूमिका रही। वहीं स्वयंसेवक तनिष्क, उत्कर्ष, रविकिशन एवं सोनू सहित 40 से अधिक युवाओं ने अभियान में श्रमदान कर स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान दिया।
स्वच्छता अभियान के समापन के पश्चात विद्या वाटिका से MY Bharat छत्तीसगढ़ कार्यालय तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं ने राष्ट्रप्रेम, एकता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम ने स्वच्छता, युवा सहभागिता और राष्ट्रभक्ति को एक साथ जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि जब युवा जिम्मेदारी उठाते हैं, तो बदलाव केवल दिखाई नहीं देता, बल्कि महसूस भी होता है।




.jpg)










