रायपुर के टाटीबंध और बिरगांव में जल्द खुलेंगे दो नए उपपंजीयक कार्यालय, रजिस्ट्री के लिए अब कलेक्टोरेट जाने की नहीं होगी मजबूरी...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर: राजधानी में रियल एस्टेट सेक्टर के तेजी से विस्तार और प्रॉपर्टी की बढ़ती खरीद-फरोख्त को सुगम बनाने के लिए पंजीयन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के दो प्रमुख इलाकों—टाटीबंध और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही नए उपपंजीयक कार्यालय शुरू किए जाएंगे। विभागीय स्तर पर इन दोनों सेंटर्स को शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अनुमान है कि अगले दो महीनों के भीतर ये काम करना शुरू कर देंगे।
इन नए कार्यालयों के खुलने से टाटीबंध, बिरगांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों के नागरिकों को अपनी जमीन, मकान या अन्य संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए अब कलेक्टोरेट परिसर स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे स्थानीय लोगों के समय, मेहनत और यात्रा खर्च की बचत होगी, साथ ही मुख्य कार्यालय में उमड़ने वाली भीड़ और कर्मचारियों पर पड़ने वाला काम का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
क्यों पड़ी नए कार्यालयों की जरूरत ?
मास्टर प्लान-2031 के अंतर्गत रायपुर के निवेश क्षेत्र का दायरा काफी बढ़ा दिया गया है। पहले इसमें 41 गांव आते थे, लेकिन नए मास्टर प्लान में 65 नए गांवों को जोड़ने के बाद इनकी कुल संख्या 106 हो गई है। इस विस्तार के चलते राजधानी के बाहरी और ग्रामीण इलाकों में जमीनों के सौदे, आवासीय और व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स तेजी से विकसित हो रहे हैं, जिससे रजिस्ट्री की संख्या में भारी उछाल आया है।
वर्तमान स्थिति यह है कि सामान्य दिनों के अलावा त्योहारों, शुभ मुहूर्तों और मार्च क्लोजिंग (वित्तीय वर्ष के अंत) के दौरान मुख्य पंजीयन कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ती है। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन और रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने तक लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसी असुविधा को दूर करने के लिए विभाग व्यवस्था को विकेंद्रीकृत (डिसेंट्रलाइज) कर रहा है।
पहले भी मिल चुका है सफलता का अनुभव -
सड्डू-मोवा क्षेत्र के निवासियों की सुविधा के लिए विधानसभा रोड स्थित बेबीलॉन टॉवर और श्रीराम बिजनेस पार्क में उपपंजीयक कार्यालय पहले ही सफलताપूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। वहां मिल रहे सकारात्मक परिणामों को देखते हुए अब टाटीबंध और बिरगांव को चुना गया है। इन दोनों इलाकों के आसपास जमीन की खरीद-बिक्री तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में नए कार्यालयों के शुरू होने से हजारों लोगों को अपने ही इलाके के पास रजिस्ट्री की आधुनिक और सुगम सुविधा मिलने लगेगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments