एक साथ गूंजी तीन किलकारियां, सामान्य प्रसव से जन्मे तीन बेटे...
दंतेवाड़ा: हाई रिस्क गर्भावस्था में सुरक्षित प्रसव, महिला ने एक साथ तीन बेटों को दिया जन्म.....
जिला अस्पताल में स्वास्थ्य टीमों के बेहतरीन समन्वय का दिखा असर; कटेकल्याण से समय पर रेफरल ने किया प्रसव आसान.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
दंतेवाड़ा/रायपुर: दंतेवाड़ा जिला अस्पताल के प्रसव कक्ष में बुधवार को उस वक्त खुशी का माहौल छा गया, जब कटेकल्याण क्षेत्र की एक हाई-रिस्क गर्भवती महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए एक साथ तीन बेटों को जन्म दिया। दोपहर करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच जन्मे इन तीनों नवजातों का वजन क्रमशः 1870, 1875 और 1750 ग्राम है। जन्म के बाद तीनों बच्चों की स्थिति स्थिर है। हालांकि, कम वजन को देखते हुए उन्हें एहतियातन विशेष निगरानी के लिए एसएनसीयू (SNCU) में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की तत्परता और नियमित निगरानी आई काम -
इस मामले में महिला की स्थिति को गर्भावस्था के शुरुआती दौर में ही 'हाई रिस्क' के रूप में चिन्हित कर लिया गया था। कटेकल्याण की स्वास्थ्य टीम लगातार महिला के संपर्क में रही। समय-समय पर सोनोग्राफी कराने के साथ ही मितानिन के माध्यम से नियमित फॉलोअप किया गया। इसके अलावा, महिला को आयरन और कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रसव का समय नजदीक आते ही स्वास्थ्य टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सही समय पर दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही स्त्री एवं प्रसूति रोग (Obstetrics & Gynaecology) विभाग की टीम ने प्रसव की जिम्मेदारी पूरी कुशलता से संभाली। जन्म के तुरंत बाद शिशु रोग (Pediatrics) और एसएनसीयू टीम ने बच्चों की देखभाल शुरू कर दी।
सीएमएचओ ने की स्वास्थ्य टीमों की सराहना -
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अजय रामटेके ने इस सफलता को हाई रिस्क गर्भावस्था की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप, उचित रेफरल और अस्पताल में विशेषज्ञ टीमों के शानदार समन्वय का बेहतरीन उदाहरण बताया है। उन्होंने कटेकल्याण स्वास्थ्य टीम सहित जिला अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम को इस सफल प्रसव प्रबंधन के लिए बधाई दी।
बच्चों के पिता दुर्गाराम वेट्टी (निवासी- बांदीपारा, ग्राम परचेली, विकासखंड कटेकल्याण) के परिवार में एक साथ तीन बेटों के आगमन से भारी उत्साह और जश्न का माहौल है।





.jpg)








Comments