बच्चों के बेहतर भविष्य और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करे परिषद: बृजमोहन अग्रवाल...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद की राज्य कार्यकारिणी समिति की अहम बैठक रायपुर में आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की। बैठक के दौरान संस्था के वित्तीय लेखा-जोखा, आगामी कार्ययोजनाओं और संचालित बालगृहों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने इस बात पर जोर दिया कि बाल कल्याण परिषद का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और विशेष बच्चों को एक सुरक्षित माहौल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर पुनर्वास प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इसके साथ ही उन्होंने समाज के वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक 'डे-केयर सेंटर' शुरू करने का अनूठा सुझाव भी रखा।

बजट को मिली मंजूरी और रिक्त पदों पर होगी जल्द भर्ती -
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट का अनुमोदन किया गया और आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके अलावा, आगामी वार्षिक आमसभा की तिथि तय करने का अधिकार परिषद के महासचिव को सौंपा गया। परिषद के विभिन्न प्रकल्पों में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियमानुसार जल्द ही नई नियुक्तियां करने पर भी सहमति बनी। बैठक में सांसद-विधायक निधि से होने वाले निर्माण कार्यों, 'खुला आश्रय बालक गृह' के अनुदान प्रस्तावों और भारतीय स्टेट बैंक के सीएसआर सहयोग पर भी विमर्श हुआ।
स्पीच थेरेपी सेंटर का किया गया निरीक्षण -
समीक्षा बैठक के बाद अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल ने परिसर में संचालित 'शिक्षा का मंदिर' और 'स्पीच थेरेपी सेंटर' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां थेरेपी ले रहे बच्चों से मुलाकात की, उनकी प्रगति की जानकारी ली और परिषद के सेवा कार्यों की सराहना की।
इस बैठक का संचालन महासचिव चंद्रेश शाह ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन संयुक्त सचिव राजेन्द्र कुमार निगम ने किया। इस दौरान उपाध्यक्ष डॉ. कमल वर्मा, कोषाध्यक्ष इंदिरा जैन, प्रकाश अग्रवाल, भूपेंद्र कोटडिया, विश्वनाथ पाणिग्रही, हर्षा जोशी, सुनीता चंसोरिया, हरजीत जुनेजा, संगीता शर्मा समेत विभिन्न संस्थाओं के अधीक्षक और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments