नकटी गांव के पीड़ित परिवारों ने न्याय की मांग को लेकर निकाली न्याय पदयात्रा, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन.....
- ANIS LALA DANI

- 14 hours ago
- 2 min read

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, नकटी गांव के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज सर्व समाज एवं साहू समाज के नेतृत्व में रायपुर में "न्याय पदयात्रा" का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में पीड़ित परिवारों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने शांतिपूर्ण ढंग से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के लिए पदयात्रा निकाली।
हालांकि राज्यपाल निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल सचिवालय की ओर से प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया गया कि चार से पांच दिनों के भीतर राज्यपाल से मुलाकात का समय दिया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार अपनी बात सीधे उनके समक्ष रख सकें।
ज्ञापन में बताया गया कि नकटी गांव में वर्षों से निवासरत परिवारों के मकानों को बारिश के मौसम में तोड़ दिया गया, जिससे महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे-छोटे बच्चे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिन परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत आवास, ऋण, बिजली और सड़क जैसी सुविधाएं प्रदान की गई थीं, उसी बस्ती को बाद में अवैध बताकर तोड़ दिया गया। इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें नकटी गांव में ही पीड़ित परिवारों का पुनर्वास कर आवास उपलब्ध कराना, प्रभावित परिवारों का ऋण माफ करना एवं उचित मुआवजा देना, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने मकानों के ध्वस्तीकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करना, बुलडोजर कार्रवाई के दौरान गौवंश की हुई मौतों की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना तथा आंदोलन में शामिल लोगों पर किसी प्रकार की दमनात्मक कानूनी कार्रवाई नहीं करने की मांग शामिल है।
पीड़ित परिवारों ने कहा कि यदि उन्हें शीघ्र न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी चरण में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान पुरुष अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे, जबकि महिलाएं काली साड़ी पहनकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगी। सर्व समाज एवं साहू समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहेगा और जब तक नकटी गांव के पीड़ित परिवारों को न्याय, पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन का अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।




.jpg)










