google.com, pub-3310156774694367, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
WhatsApp Image 2025-09-10 at 15.54_edite
ADN FILMS POSTER

BREAKING ADN NEWS

WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.10.10.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (2).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31 (1).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (1).jpeg

धमतरी के सर्वोदय स्कूल में बिखरी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा, गेंड़ी पर चढ़े अतिथि....

Aug 11
3 min read
  • सर्वोदय स्कूल में धूमधाम से मना हरेली तिहार, विधायक अनुज शर्मा और महापौर रामू रोहरा ने की कृषि उपकरणों की पूजा |

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से:-

छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व 'हरेली' के पावन अवसर पर आज धमतरी स्थित सर्वोदय इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल में भव्य एवं पारंपरिक 'हरेली तिहार' का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोकाचार से सराबोर इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने शिरकत की।


कृषि उपकरणों की पूजा से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि परंपरा का निर्वहन करते हुए नागर (हल), रापा, कुदाली और गैंती जैसे कृषि उपकरणों की पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली व अच्छी फसल की कामना की गई।


सुआ, कर्मा और ददरिया नृत्य की गूंज, पारंपरिक खेलों का रोमांच

इस उत्सव में स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में सज्ज होकर सुआ, कर्मा और ददरिया जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके साथ ही छात्रों के बीच पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए गेंड़ी दौड़ और कुर्सी दौड़ जैसी खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। उत्सव का मुख्य आकर्षण 'गेंड़ी दौड़' रहा, जिसमें न केवल स्कूली बच्चों ने बल्कि विधायक अनुज शर्मा और महापौर रामू रोहरा ने भी खुद गेंड़ी पर चढ़कर इस पारंपरिक खेल का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। जो वृक्ष अपनी जड़ों को छोड़ देता है, वह आंधी में टिक नहीं पाता: विधायक अनुज शर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा ने बेहद भावुक और प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा, "आज सर्वोदय इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल के इस प्रांगण में आकर ऐसा लग रहा है मानो हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मा मुस्कुरा रही हो। यह केवल एक त्योहार नहीं है, यह हमारी मिट्टी का आभार है, हमारे अन्नदाता किसानों का सम्मान है और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का जीवंत प्रमाण है। आज जब मैं आप बच्चों को हाथ में गेंड़ी थामे और पारंपरिक वेशभूषा में मुस्कुराते देख रहा हूँ, तो मुझे अपार गर्व की अनुभूति हो रही है।"


अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की सोच पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, "अक्सर कहा जाता है कि अंग्रेजी माध्यम के स्कूल सिर्फ आधुनिकता की ओर ले जाते हैं, लेकिन आज सर्वोदय स्कूल ने यह साबित कर दिया है कि आधुनिक शिक्षा और अपनी सांस्कृतिक जड़ों का बेहतरीन मेल कैसे किया जाता है। याद रखिए, जो वृक्ष अपनी जड़ों को छोड़ देता है, वह आंधी में टिक नहीं पाता। आप जीवन में चाहे कितने भी बड़े पद पर पहुँच जाएँ या दुनिया के किसी भी कोने में चले जाएँ, लेकिन यह कभी मत भूलना कि आपकी असली पहचान आपकी माटी से है, आपके 'जय जोहार' से है और छत्तीसगढ़ के लोक-संगीत व परंपराओं से है।"


पर्यावरण संरक्षण और 'एक पौधा' लगाने का दिया संदेश

विधायक अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा, "हरेली का वास्तविक अर्थ केवल पूजा-पाठ या उत्सव मनाना नहीं, बल्कि प्रकृति को सहेजना है। हरेली हमें सिखाती है कि प्रकृति से केवल लेना नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण भी करना है। प्रत्येक विद्यार्थी को इस पावन दिन पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब तक हमारा पर्यावरण हरा-भरा रहेगा, तभी तक हमारी भावी पीढ़ी समृद्ध रहेगी। आइए इस हरेली पर हम सब मिलकर संकल्प लें कि हम अपनी संस्कृति का सम्मान करेंगे, अपनी मातृभाषा और परंपराओं पर गर्व करेंगे और अपने छत्तीसगढ़ को विकास व संस्कृति दोनों के शिखर पर ले जाएँगे।" उन्होंने बच्चों को लोक-संस्कृति से जोड़े रखने के विद्यालय के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की।


जैविक खेती और पर्यावरण का संतुलन जरूरी: महापौर रामू रोहरा

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। महापौर ने कहा कि धरती को रसायनों से बचाने और भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए जैविक खेती आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने स्कूली बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को भी जैविक खाद के उपयोग तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।


अतिथियों का सम्मान और विजेताओं को मिला पुरस्कार

कार्यक्रम के अंतिम चरण में स्कूल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा और विशिष्ट अतिथि महापौर रामू रोहरा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत अतिथियों के कर-कमलों से गेंड़ी दौड़ और कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। इस भव्य और गरिमामय समारोह में विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

Comments


© 2018 by Anis lala dani. Proudly created with breakingadnnews.com

  • Subscribe Channale
bottom of page
naver-site-verification: navere8d42c0359e3e135363406d5b6093c27.html