"युवाओं की ऊर्जा और जागरूकता से ही तय होगी विकसित भारत की राह" - महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े....
सूरजपुर में सेवा संकल्प अभियान: ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, चंद्रमेढ़ा में दिलाई नशामुक्ति की शपथ और रोपे मुनगा के पौधे...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
सूरजपुर, सूरजपुर जिले में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत कटिंदा में खुली चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी जायज मांगों और समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीण अंचलों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों का जीवन आसान होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
"हर घर मुनगा" अभियान से सुपोषण का संदेश -
जनसंवाद कार्यक्रम के बीच मंत्री ने कटिंदा में मुनगा (सहजन) का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और सुपोषण का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों को पौष्टिक आहार की उपयोगिता समझाई और हर परिवार से अपने घर व आंगन में मुनगा लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से निपटने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। स्थानीय स्तर पर मिलने वाले पौष्टिक आहार को अपनाकर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वस्थ छत्तीसगढ़ के विजन के अनुरूप इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की बात कही गई।
युवाओं को मिला नशामुक्ति का संकल्प -
ग्राम चंद्रमेढ़ा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मंत्री ने युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से आगाह किया। उन्होंने अपील की कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को व्यर्थ न जाने दें, बल्कि इसका उपयोग शिक्षा, खेल, नवाचार और देश निर्माण के कार्यों में करें।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम होगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों और विद्यार्थियों को जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments