छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को चैंपियन बनाने साय सरकार लगातार कर रही काम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव.....
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत, कहा- देश का नाम रोशन करें खिलाड़ी...
देश के खेल मानचित्र में उभर रहा छत्तीसगढ़, प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मिल रहे नए अवसर : डिप्टी सीएम अरुण साव...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज तोरवा स्थित रेड डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

साव ने कहा कि बैडमिंटन एकाग्रता, त्वरित प्रतिक्रिया, धैर्य और शारीरिक क्षमता का खेल है। खिलाड़ियों की लगातार मेहनत और अभ्यास उन्हें सफलता की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि, बिलासपुर में आयोजित प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण मिला है।

साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेल प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण सुविधाओं और खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बड़े अवसर मिले हैं। अब प्रदेश में हॉकी लीग का आयोजन करने जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लंबे समय से बंद खेल अलंकरण समारोह को फिर से शुरू किया है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने खिलाड़ियों को 1.74 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। वहीं 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा कर उन्हें शासकीय सेवा का अवसर देने का मार्ग प्रशस्त किया है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
साव ने कहा कि, जिन खिलाड़ियों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, उनका भी उत्साहवर्धन किया। खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, खिलाड़ी जीतता है या सीखता है। असफलता से सीख लेकर खिलाड़ियों को लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। चार दिवसीय प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ की पुरुष, महिला तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की बालक-बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 170 खिलाड़ी और ऑफिशियल शामिल हुए।

प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने जीत हासिल की
मेंस सिंगल में छत्तीसगढ़ के सिद्धार्थ प्रताप सिंह चैंपियन रहे। जबकि द्वितीय छत्तीसगढ़ के हर्षल भोयर एवं तीसरा स्थान महाराष्ट्र आर्य भिवपाठकी, सर्वेश महेश यादव ने प्राप्त किया। महिला एकल में महाराष्ट्र की साद धर्माधिकारी विजेता रही। द्वितीय महाराष्ट्र की ही तनिष्का देशपांडे और तीसरा स्थान छत्तीसगढ़ की हीरल चौहान, गुजरात की काव्य मरवानिया ने प्राप्त किया।
मेंस डबल में महाराष्ट्र के अर्जुन तानाजी बिराजदार एवं आर्यन तानाजी बिराजदार चैंपियन रहे। जबकि द्वितीय स्थान नैवैद्य टोंडे और रुद्र प्रताप ठाकुर ने हासिल किया। तीसरे स्थान पर गुजरात के भाविन जादव, मोहम्मद अली मीर तथा छत्तीसगढ़ के जयदित्य प्रताप सिंह, जसमीत सिंह गुंबर रहे।
वुमेंस डबल में महाराष्ट्र की अनघा करंदीकर,नेहाल गोसावी, द्वितीय मध्य प्रदेश की आशिता दुबे, स्वाति सोलंकी, तीसरा स्थान गुजरात की काव्य मरवानिया, पंक्ति मरवानिया तथा छत्तीसगढ़ की राशि, श्वेता परदेशी रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अरविन्द गोयल, सचिव एमएल चंद्राकर, उपाध्यक्ष मनीष उभरानी, सह सचिव कमल कृष्ण रॉय, जावेद अली, चीफ रेफरी प्रताप भट्टाचार्य, गुरदीप सिंह, हेम पांडेय आदि सदस्य उपस्थित थे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments