छत्तीसगढ़ में देश का पहला राज्य स्तरीय 'AI Conclave' आयोजित...
शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए तैयार होगा AI आधारित रोडमैप...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: विद्यालयीन शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने देश भर में ऐतिहासिक पहल की है। स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समग्र शिक्षा के तहत राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में देश के पहले राज्य स्तरीय 'AI Conclave' (ए.आई. कॉन्क्लेव) का सफल आयोजन किया गया। इसके साथ ही स्कूली शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभावी उपयोग करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है।

ड्रॉपआउट बच्चों की वापसी के लिए ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप -
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष रूप से तैयार 'लाईका चिन्हारी' मोबाइल ऐप का विमोचन किया। मंत्री यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव के निष्कर्ष शिक्षकों के लिए मार्गदर्शक बनेंगे और विद्यार्थियों में भविष्योन्मुखी कौशल विकास को गति देंगे।

शिक्षक की जगह नहीं लेगा AI, बनेगा मददगार साथी -
कॉन्क्लेव में शिक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनका सहायक उपकरण है:
डॉ. कमलजीत सिंह (सचिव, स्कूल शिक्षा): वर्तमान दौर में स्थानीय संसाधनों और आधुनिक तकनीक के बेहतर तालमेल से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में यह ठोस कदम है। एआई शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने में सहयोगी की भूमिका निभाएगा।
डॉ. किरण कौशल (आयुक्त, समग्र शिक्षा): प्रदेश की स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब्स को एआई टूल्स से जोड़कर दूरस्थ क्षेत्रों तक सुगम व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाई जाएगी।
वैश्विक तकनीकी दिग्गजों का लगा जमावड़ा -
इस राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव में देश-दुनिया की प्रमुख तकनीकी संस्थाओं और एड-टेक कंपनियों ने भागीदारी की। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एडोब, वाधवानी एआई, खान एकेडमी, फिजिक्स वाला के साथ-साथ आईआईटी भिलाई, आईआईएम रायपुर, एनआईटी रायपुर और चिप्स (CHiPS) के विशेषज्ञों ने शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यवहारिक प्रयोग पर प्रस्तुतियां दीं।
तैयार होगा राज्य का पहला व्यापक AI रोडमैप -
कॉन्क्लेव में प्रस्तुत सभी तकनीकी नवाचारों और मॉडल्स का विश्लेषण कर छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग एक समग्र 'AI रोडमैप' तैयार करेगा। यह नीतिगत ढांचा शिक्षकों के लिए सहायक सामग्री तैयार करने और प्रदेश की शैक्षणिक व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की बुनियाद बनेगा।





.jpg)








Comments