अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती, रेत-पत्थर से भरे 6 वाहन जब्त....
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी और कार्रवाई.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर, - छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज कारोबार पर लगाम कसने के लिए शासन-प्रशासन लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के सख्त निर्देशों के बाद विभाग के उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर रेत और पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे कुल 6 ट्रैक्टरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
अलग-अलग इलाकों में हुई कार्रवाई -
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जाँच अभियान के दौरान बस्ती-बगरा क्षेत्र से रेत परिवहन में लगे 4 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया, जिन्हें फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से कोडगार चौकी में खड़ा कराया गया है। इसके अलावा, सारबहरा इलाके से अवैध पत्थर ले जा रहा एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र से रेत से भरा एक अन्य ट्रैक्टर ज़ब्त किया गया है। इन दोनों वाहनों को अमरपुर पुलिस लाइन के सुपुर्द किया गया है।

नियमों के तहत होगी पेनल्टी -
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए सभी वाहन मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन मामलों में तय जुर्माना राशि या फिर समझौता शुल्क सरकारी खाते में जमा होने के बाद ही वाहनों की रिहाई पर विचार किया जाएगा।
कलेक्टर की दो टूक: लापरवाही बर्दाश्त नहीं -
कलेक्टर विजय दयाराम ने साफ कर दिया है कि जिले में किसी भी सुदूर या मैदानी इलाके में अवैध खनिजों का खेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनिज अमले को हिदायत दी है कि वे मैदानी क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाएं और गैर-कानूनी ढंग से हो रहे परिवहन व भंडारण पर तुरंत कड़ा एक्शन लें। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों को भी प्राथमिकता से लेते हुए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments