हरी-भरी गृह वाटिका के लिए खास टिप्स: बैक टू नेचर सोसायटी की बैठक में एडेनियम पौधे की देखभाल पर हुई चर्चा..

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: प्रकृति प्रेमियों के बीच पर्यावरण और बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैक टू नेचर सोसायटी की ओर से एक विशेष कलम आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान घर के बगीचों को संवारने और विशेष पौधों की देखभाल पर विस्तार से बातचीत हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत में अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी ने सभी प्रकृति प्रेमियों और गार्डन प्रेमियों से अपील की कि वे अपने घरों में सुंदर गृह वाटिका तैयार करें। उन्होंने कहा कि बागवानी से जुड़ी कोई भी समस्या या असमंजस होने पर सदस्य ग्रुप में अपने सवाल साझा कर सकते हैं, ताकि समय पर विशेषज्ञों से सही सलाह और समाधान मिल सके।
एडेनियम पौधे की ऐसे करें देखभाल बैठक में बागवानी विशेषज्ञ चेतन बंछोर ने खूबसूरत फूलों वाले एडेनियम यानी 'डेजर्ट रोज' पौधे की देखरेख के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। उन्होंने बताया कि यह पौधा अपने आकर्षक और मोटे तने (कॉडेक्स) के कारण बेहद लोकप्रिय है, जो अपने अंदर पानी को संरक्षित करके रखता है। इसके फूल गुलाबी, लाल और सफेद जैसे कई प्यारे रंगों में खिलते हैं।
विशेषज्ञ ने पौधों की सेहत से जुड़ी कुछ जरूरी बातें साझा कीं:
धूप: एडेनियम को स्वस्थ रहने के लिए भरपूर धूप की जरूरत होती है।
सिंचाई: गमले की मिट्टी पूरी तरह सूख जाने के बाद ही पानी दें। लगातार नमी या गीली मिट्टी रहने से इसकी जड़ें खराब हो सकती हैं।
जल निकासी: गमले की मिट्टी ऐसी तैयार करें जिसमें पानी रुके नहीं, बल्कि आसानी से निकल जाए।
प्रूनिंग: समय-समय पर शाखाओं की कटाई-छंटाई करने से पौधा घना और सुंदर बनता है।
बरसात से बचाव: अत्यधिक बारिश और जलभराव की स्थिति से पौधे को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मोहन वर्ल्यानी ने सभी का स्वागत किया, आर.के. जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया और राम खटवानी ने मंच का संचालन संभाला। इस आयोजन में शिल्पी नागपुरे, सर्वत्र सेठी, ममता मिश्रा, सुधा केसरवानी, अभिलाषा पंडा और एल.के. महावर समेत शहर के कई प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments