सेवा संकल्प अभियान : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा की....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
बिलासपुर: जिले में आगामी 'सेवा संकल्प अभियान' को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और बिलासपुर के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में अधिकारियों की एक अहम बैठक ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि इस अभियान के तहत होने वाले हर कार्यक्रम में आम जनता की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
7 अक्टूबर को निकलेगी 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' -
बैठक में तय की गई रूपरेखा के अनुसार, 7 अक्टूबर को तखतपुर, कोटा, बिल्हा और मस्तूरी ब्लॉक में भव्य 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकाली जाएगी। अरुण साव ने इसके रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। इस यात्रा का भव्य समापन बहतराई स्टेडियम में होगा। यहां एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें उपस्थित लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुनेंगे।

रंगोली और 'आंगन मिलन सेवा' से जुड़ेंगी महिलाएं -
इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए 'सेवा का रंग, राष्ट्र के संग' थीम पर सभी ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में आकर्षक रंगोलियां सजाई जाएंगी। इसमें स्कूली छात्राओं, महिला स्व-सहायता समूहों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, आंगनबाड़ी केंद्रों में 'आंगन मिलन सेवा' को एक उत्सव की तरह मनाया जाएगा। इसमें गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरियों को आमंत्रित कर उनके स्वास्थ्य की जांच होगी, पोषण से जुड़ी अहम सलाह दी जाएगी और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
1 अक्टूबर को सरकारी दफ्तरों और अरपा घाटों पर चलेगा सफाई अभियान -
स्वच्छता को बढ़ावा देने के मकसद से 1 अक्टूबर को 'सेवा मेरा योगदान' पहल के तहत सभी सरकारी दफ्तरों में सघन साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। कार्यालय परिसर के अंदर और बाहर सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही, बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी के प्रमुख घाटों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा।

ये रहे मौजूद -
बैठक के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अभियान के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पेश की। इस मौके पर विधायक धरमलाल कौशिक व सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, दीपक ठाकुर, मोहित जायसवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल समेत विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments