सेवा संकल्प अभियान का आगाज, एक माह तक होंगे जनसेवा और जनभागीदारी के विविध आयोजन.....
जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर का शुभारंभ, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह...
रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम, जरूरतमंद का जीवन बचाने आगे आएं नागरिक : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर/सूरजपुर, प्रदेश में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक माह तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' का आगाज हो चुका है।
इसके तहत पूरे प्रदेश में सामाजिक सरोकार और जनसेवा के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सूरजपुर के जिला चिकित्सालय में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसका भव्य शुभारंभ प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया।

मंत्री ने खुद कराया स्वास्थ्य परीक्षण, युवाओं का बढ़ाया हौसला -
कार्यक्रम में मंत्री राजवाड़े ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर नागरिकों को नियमित जांच के प्रति जागरूक किया। उन्होंने शिविर में आए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, "रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे महत्वपूर्ण और सशक्त माध्यम है। आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की कमी से किसी की जान न जाए, इसके लिए स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनभागीदारी बेहद जरूरी है। आपका किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।"

प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल को समर्पित है अभियान -
अपने संबोधन में मंत्री ने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज से छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों को मिटाकर आपसी भाईचारा बढ़ाने का एक अवसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए 25 वर्षों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान उसी सेवा भावना को व्यापक रूप देने का प्रयास है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत 17 सितम्बर की शाम अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित करने का आह्वान भी किया।

जनप्रतिनिधियों ने की जनभागीदारी की अपील
कार्यक्रम में मौजूद प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने इस आयोजन को मानवता को मजबूत करने वाला कदम बताया। कोरोना काल के दौरान हुए सामूहिक प्रयासों का उदाहरण देते हुए उन्होंने नागरिकों से समाज के जरूरतमंदों के लिए आगे आने की अपील की। वहीं, सूरजपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाती सिंह ने 'रक्तदान को महादान' करार देते हुए सभी स्वस्थ व पात्र नागरिकों से इस पुनीत कार्य में हिस्सा लेने का आग्रह किया।
शिविर में उमड़ी भीड़, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान -
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में रक्तदाताओं के लिए रक्त समूह जांच से लेकर अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई थीं। शिविर में युवाओं, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ रक्तदान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





.jpg)







Comments