स्कूल सुरक्षा पर सवाल, रायपुर में छात्रों के बीच चाकू से हमला
- ANIS LALA DANI

- 2 days ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर :- शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फुंडहर में छात्रों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद कक्षा 11वीं के एक छात्र ने अपने सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में छात्र की जांघ पर गंभीर चोट आई है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कूल परिसर में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में कक्षा 11वीं के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने अपने सहपाठी पर पानी की बोतल से पानी फेंक दिया। पानी गिरने के बाद दूसरे छात्र ने इसका कारण पूछा, जिस पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि पानी फेंकने वाले छात्र ने उसे बाहर देखने की धमकी दी और इसके बाद क्लास से बाहर चला गया।
छुट्टी के बाद पार्किंग में हुआ हमला पुलिस के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों छात्र बाहर निकले। पार्किंग क्षेत्र के पास ही उनके बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। इस दौरान आरोपी छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और हमला करने लगा। हमले के दौरान छात्र की जांघ में चाकू लग गया, जिससे वह घायल हो गया। खून निकलता देख आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल छात्र के साथियों ने तुरंत स्कूल प्रबंधन और उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। फिलहाल घायल छात्र का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों द्वारा उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के परिजनों ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों, छात्रों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, चाकू से हमला करने वाले छात्र और उसके साथियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों में बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता फुंडहर स्कूल की इस घटना ने स्कूलों में छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शिक्षकों और अभिभावकों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई है। पुलिस ने कहा है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।




.jpg)







