किम जोंग उन की मौत की अफवाहों पर लगा विराम....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- नई दिल्ली: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की मौत और गंभीर बीमारी की अफवाहों के बीच देश की सरकारी मीडिया ने उनकी नई तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में किम जोंग उन एक प्रदर्शनी में नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी मौत, कोमा में जाने या अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया गया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी 'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (KCNA) के अनुसार, किम जोंग उन सोमवार को प्योंगयांग में आयोजित 'राष्ट्रीय परिधान और फुटवियर प्रदर्शनी-2026' में शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी और बेटी भी उनके साथ मौजूद थीं। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को उनके इस दौरे की जानकारी देने के साथ तस्वीरें भी साझा कीं।
सोशल मीडिया पर चल रही थीं अफवाहें
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर किम जोंग उन की मौत को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि ब्रेन हेमरेज के कारण उनकी मौत हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य दावों में उनके कोमा में जाने या गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती होने की बात कही गई थी। यहाँ तक कि उन्हें इलाज के लिए चीन की राजधानी बीजिंग ले जाए जाने की भी अफवाहें फैलाई गई थीं। ये दावे सबसे पहले 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर सामने आए और फिर अन्य प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गए। कुछ टैब्लॉयड मीडिया संस्थानों ने भी इन खबरों को प्रमुखता से चलाया, हालांकि इन दावों के समर्थन में कोई भी ठोस सबूत सामने नहीं आया था।
हल्के उद्योग के विकास की सराहना
KCNA की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनी के दौरान किम जोंग उन ने देश के हल्के उद्योग के विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हो रही प्रगति आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो रही है। इस दौरान उन्होंने उन फैक्ट्रियों का भी विशेष रूप से जिक्र किया, जिन्हें उनके '20×10' क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत स्थापित किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के लोगों की जीवन स्थितियों में सुधार करना और विभिन्न क्षेत्रों में समान विकास को बढ़ावा देना है।
अटकलों पर लगा विराम
किम जोंग उन की ये तस्वीरें ऐसे समय में सामने आई हैं जब उनकी सेहत और सार्वजनिक तौर पर अनुपस्थिति को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। सरकारी मीडिया की रिपोर्ट और तस्वीरों से यह स्पष्ट हो गया है कि वह पूरी तरह सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय हैं और उन्होंने प्रदर्शनी का दौरा कर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैली तमाम अफवाहों पर विराम लग गया है। #KimJongUn #NorthKorea #KCNA #WorldNews #GlobalNews #BreakingADNNews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments