बस स्टैंड के पास मिले शव की हुई शिनाख्त, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय योगेश कश्यप के रूप में हुई है, जो चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबरों और हुलिए के आधार पर परिजनों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
बिलासपुर से जुड़े हैं मूल तार, किरोड़ीमलनगर में रहता था परिवार -
पुलिस के मुताबिक, मृतक योगेश कश्यप, पिता दिलहरण कश्यप, मूल रूप से बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित महादेव मंदिर के पास का रहने वाला था। वर्तमान में वह रायगढ़ के किरोड़ीमलनगर स्थित उच्चभिट्ठी इलाके में अपनी मां के साथ निवास कर रहा था। गत 24 अक्टूबर की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मृतक के सीने और कंधे पर चोट के निशान मिले थे, लेकिन शुरुआती तौर पर उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
सोशल मीडिया बना जरिया, मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन -
परिजनों ने बताया कि योगेश अक्सर काम के सिलसिले में बाहर रुक जाता था, इसलिए शुरुआत में उसके घर न लौटने पर किसी अनहोनी का संदेह नहीं हुआ। हालांकि, कुछ दिनों तक सुराग न मिलने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई अज्ञात शव की जानकारी और हुलिए से संदेह होने पर परिवार के लोग रायगढ़ मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने योगेश के रूप में उसकी शिनाख्त की। इस दुखद खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे तीन साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है, जो अपनी मां के साथ अलग रहती थी।
पूंजीपथरा के प्लांट में काम करता था युवक -
योगेश पूंजीपथरा क्षेत्र के बीएस प्लांट में कार्यरत था। उसके दिवंगत पिता जिंदल प्लांट में काम करते थे, जिसके चलते परिवार ने किरोड़ीमलनगर में अपना आशियाना बनाया था। योगेश की एक बहन बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही हैं। परिवार को उम्मीद थी कि वह सुरक्षित लौट आएगा, लेकिन इस खुलासे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, हत्या का मामला दर्ज -
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मामला हत्या का पाए जाने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को भी अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस इस वारदात में शामिल अन्य पहलुओं और कारणों की बारीकी से छानबीन कर रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments