दिल्ली में आवारा जानवरों के हमलों से राहत: MCD खरीदेगी 1.20 लाख एंटी रेबीज वैक्सीन.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
नई दिल्ली: दिल्ली में कुत्तों, बंदरों, बिल्लियों और अन्य जानवरों के हमलों के शिकार लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। निगम ने अगले दो वर्षों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कुल 1.20 लाख शीशियों की खरीद की योजना को मंजूरी दी है। इसमें से 21,500 शीशियां मई में खरीदी जा चुकी हैं, जबकि शेष 98,500 शीशियों की खरीद को स्वीकृति दी गई है। MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि जानवरों के हमलों के शिकार लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निगम के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज वैक्सीन का पर्याप्त भंडार बनाए रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान वैक्सीन की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
सत्या शर्मा के अनुसार, MCD के चार अस्पतालों और 25 स्वास्थ्य केंद्रों में जानवरों के काटने के शिकार लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इन स्वास्थ्य संस्थानों की जरूरतों का आकलन करने के बाद निगम ने एंटी रेबीज वैक्सीन की सालाना औसतन करीब 60 हजार शीशियों की आवश्यकता तय की है। इसी आधार पर दो वर्षों के लिए कुल 1.20 लाख शीशियों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है। तत्काल जरूरत को पूरा करने के लिए मई 2026 में 21,500 शीशियां खरीदी गई थीं। अब शेष 98,500 शीशियों की खरीद को मंजूरी मिलने से आने वाले समय में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि जानवरों के काटने या हमले की स्थिति में समय पर चिकित्सा सहायता बेहद जरूरी है। ऐसे मामलों में स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक वैक्सीन का पर्याप्त भंडार होना महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से निगम ने अपनी स्वास्थ्य सेवाओं की अनुमानित जरूरत के अनुरूप खरीद की योजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि MCD नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होने से जानवरों के हमलों के शिकार लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और वैक्सीन की कमी के कारण होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments