बेमेतरा में राशन घोटाला: 23 लाख का खाद्यान्न गायब, अध्यक्ष और सचिव समेत तीन गिरफ्तार...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बेमेतरा जिले में राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नांदघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम टेमरी की शासकीय उचित मूल्य दुकान में भौतिक सत्यापन के दौरान भारी पैमाने पर अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच में दुकान के स्टॉक से सैकड़ों क्विंटल चावल और नमक का कोई हिसाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा।
जांच अधिकारियों के अनुसार, ग्राम टेमरी स्थित सरकारी राशन दुकान की जब बारीकी से जांच की गई तो बड़ा स्टॉक गायब मिला। रिकॉर्ड के मिलान में कुल 527.83 क्विंटल चावल और 21.88 क्विंटल नमक कम पाया गया। वर्ष 2025-26 के तय आर्थिक मूल्यांकन के मुताबिक इस गायब राशन की कुल सरकारी कीमत 22,90,910 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा फरवरी 2026 की 44,198 रुपये और मार्च 2026 की 21,184 रुपये की बिक्री राशि भी नागरिक आपूर्ति निगम के खाते में जमा नहीं कराई गई थी। फरवरी से जुलाई के बीच के बारदाने भी गोदाम में वापस नहीं किए गए।
घोटाले का यह पूरा मामला नवागढ़ के खाद्य निरीक्षक की लिखित शिकायत पर नांदघाट थाने में दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए स्व सहायता समूह की अध्यक्ष, सचिव और दुकान के विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष साहू, पुष्पा साहू और नीरा बाई के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। प्रशासन इस मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों और अन्य लोगों की संलिप्तता की गहराई से जांच कर रहा है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments