रायपुर रंगदारी कांड: बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मामले में AAP का कांग्रेस पर बड़ा हमला....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला अब पूरी तरह से सियासी हो गया है। इस घटना ने कांग्रेस के भीतर चल रही आपसी गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई को उजागर कर दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस की अंदरूनी कलह और राजनीतिक साजिश का नतीजा बताया है।
वर्चस्व बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं कांग्रेसी: अज़ीम खान -
आम आदमी पार्टी के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अपनी कुर्सी और राजनीतिक रसूख को बचाने के लिए कांग्रेस नेता किसी भी स्तर तक गिरने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले में पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर और एक होटल कर्मचारी की गिरफ्तारी से साफ हो गया है कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी।
अज़ीम खान ने दावा किया कि आनंद कुकरेजा के बेटे अजीत कुकरेजा की हाल ही में कांग्रेस में हुई वापसी से पूर्व महापौर का खेमा घबराया हुआ था। पार्टी में अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर करने और अपना दबदबा कायम रखने के लिए ही इस खौफनाक साजिश का सहारा लिया गया।
जो अपनों को धमका रहे, वो जनता को क्या सुरक्षा देंगे: नवनीत नन्दे -
मामले की निंदा करते हुए AAP के रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नन्दे ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक स्थिति है। राजधानी की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि कांग्रेस के बड़े चेहरे आपस में ही गुटबाजी और साजिशों का खेल खेलने में मस्त हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता अपने ही साथियों को खूंखार गैंगस्टरों के नाम से धमकियां दिलवा सकते हैं, वे रायपुर की आम जनता के जान-माल और सुरक्षा की क्या गारंटी देंगे?
निष्पक्ष जांच कर असली आकाओं को बेनकाब करे पुलिस -
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस मामले की पूरी निष्पक्षता और गहराई से जांच की जाए। पार्टी का कहना है कि मोहरों के साथ-साथ पर्दे के पीछे छिपे उन असली राजनीतिक आकाओं का चेहरा भी बेनकाब होना चाहिए, जिनके इशारे पर यह पूरी साजिश रची गई। जनता अब कांग्रेस के इस सत्ता-मोह और आपसी लड़ाई के खेल को अच्छी तरह समझ चुकी है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments