छत्तीसगढ़ मौसम का नया मिजाज: मानसून की विदाई के बाद भी गरजेंगे बादल, जानें ताजा अपडेट...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह विदा हो चुका है. बरसात का मौसम खत्म होने के साथ ही प्रदेश में बादलों की सक्रियता कम होने लगी है और राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में सुबह-सुबह हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक कुछ चुनिंदा स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) का दौर जारी रह सकता है.
राजधानी रायपुर में आज (13 अक्टूबर) मौसम आमतौर पर साफ रहने का अनुमान है. यहाँ अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. पिछले कुछ दिनों की तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है.
पिछले 24 घंटों का हाल और चेतावनी -
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा. इस दौरान रायपुर में सबसे अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा जहाँ न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. अगले दो दिनों तक मौसमी गतिविधियों का यह दौर इसी प्रकार बना रह सकता है.
क्यों बदल रहा है मौसम ?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम में पूरी तरह बदलाव आने के लिए वातावरण में नमी कम होने और हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्व होने का इंतजार करना होगा. वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तरी ओडिशा, झारखंड और दक्षिण-पश्चिम बिहार होते हुए एक द्रोणिका (ट्रफ) गुजर रही है. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी सक्रिय है, जिसके कारण बादलों की आवाजाही और हल्की गतिविधियां बनी हुई हैं.






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments