रायगढ़ में 'ऑपरेशन प्रहार' की बड़ी सफलता: 14 टन अवैध कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ाया, करीब 12 लाख की संपत्ति जब्त...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़: छत्तीसगढ़ में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत रायगढ़ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पूंजीपथरा पुलिस ने ओडिशा से तस्करी कर लाए जा रहे करीब 14 टन अवैध लोहे के स्क्रैप (कबाड़) से लदे एक माजदा वाहन को धर दबोचा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने स्क्रैप और वाहन समेत कुल 11.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राम किंकर यादव को मुखबिर से एक अहम सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि रायगढ़ की तरफ से आ रहे एक लाल-मैरून रंग के 6 चक्का टाटा 1512 माजदा वाहन (OD15V7853) में भारी मात्रा में टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और गाड़ियों के पार्ट्स लोड हैं। इस अवैध कबाड़ से भरे वाहन को स्टार ढाबा के पास छिपाकर खड़ा किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूंजीपथरा पुलिस की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर दबिश दी। वहां पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर ट्रक का ड्राइवर घबरा गया और छिपते हुए वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। जब वाहन के डाले की तलाशी ली गई, तो उसमें 14 टन अवैध स्क्रैप भरा हुआ मिला।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ड्राइवर ने अपनी पहचान भूषण कुमार साह (37 वर्ष) के रूप में दी, जो ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले (वार्ड नंबर 09, बृजराजनगर) का रहने वाला है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह पूरा स्क्रैप ओडिशा के बरगढ़ जिले के रेंगाली कैंप स्थित एक कबाड़ी दुकान से लेकर आया था और इसे रायगढ़ के ही किसी स्थानीय प्लांट में खपाने की तैयारी में था।
पुलिस ने मौके से 3.98 लाख रुपये कीमत का 14 टन कबाड़ और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 8 लाख रुपये कीमत के माजदा वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस (BNSS) की धारा 35(क)(ड) और बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर थाना पूंजीपथरा में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस अवैध कबाड़ तस्करी का भंडाफोड़ करने में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनय तिवारी, चन्द्रशेखर चन्द्राकर और विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments