रायगढ़ में 'ऑपरेशन अंकुश' का शिकंजा: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते युवक को पुलिस ने दबोचा...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़: जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट मैच पर दांव लगवा रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन भी बरामद किया है, जिसमें सट्टा संचालन से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
ऐसे हुई कार्रवाई -
पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि बोईरदादर स्थित शालिनी स्कूल रोड के पास गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के नजदीक एक व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर हार-जीत का खेल करवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके की घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान पंकज जय सिंह (निवासी- सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, चक्रधरनगर) के रूप में हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक साल से इस अवैध धंधे में सक्रिय है। जांच में यह भी सामने आया कि वह सट्टे के पैसों का लेनदेन यूपीआई (UPI) के जरिए करता था और रकम सीधे मुख्य खाईवाल तक पहुंचाई जाती थी।
मोबाइल से खुले कई राज -
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीवो वी60 (Vivo V60) मोबाइल जब्त किया है। जब फोन की तकनीकी जांच की गई, तो गूगल क्रोम हिस्ट्री में कई ऑनलाइन सट्टा साइट्स के लिंक और साक्ष्य मिले। पुलिस अब इस मोबाइल के डेटा के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य खाईवाल की तलाश में जुट गई है, ताकि इस अवैध कारोबार की पूरी जड़ तक पहुंचा जा सके।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस -
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध सट्टे में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments