गंभीर कुपोषण को मात देकर स्वस्थ लौटा डेढ़ वर्षीय ओमेश, पोषण पुनर्वास केंद्र बनी संजीवनी.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह क़लम से :-
गरियाबंद / रायपुर - राष्ट्रीय पोषण माह के बीच गरियाबंद जिले से एक बेहद सकारात्मक और प्रेरक खबर सामने आई है। दादरगांव के रहने वाले महज डेढ़ साल के ओमेश यादव ने जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की मदद से गंभीर कुपोषण को हरा दिया है और अब वह पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुका है।
भर्ती के समय थी गंभीर स्थिति: -
जब ओमेश को केंद्र में लाया गया था, तब उसका वजन सिर्फ 5.1 किलोग्राम था। वह निमोनिया, बुखार और कान के संक्रमण से जूझ रहा था, जिसके कारण वह चलने-फिरने में भी पूरी तरह असमर्थ था। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया और उसे विशेष पोषक आहार व दवाइयां दी गईं।
16 दिनों में दिखा चमत्कारिक सुधार: -
पोषण पुनर्वास केंद्र में 16 दिनों के इलाज और विशेष देखभाल के बाद ओमेश के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ। उसका वजन बढ़कर 6.40 किलोग्राम हो गया। जो बच्चा पहले चल-फिर नहीं पाता था, वह अब स्वस्थ होकर मुस्कुराने और चलने-फिरने लगा है।
मां को मिली ट्रेनिंग और आर्थिक मदद: -
बच्चे के इलाज के दौरान ओमेश की मां सुरेखा यादव को भी केंद्र में बच्चे के सही खान-पान, साफ-सफाई और देखभाल की ट्रेनिंग दी गई। इसके अलावा, केंद्र में रहने की निर्धारित अवधि के लिए उन्हें 150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 2,250 रुपये की आर्थिक सहायता भी बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की गई।
कुपोषण के खिलाफ गरियाबंद NRC का शानदार रिकॉर्ड: -
गरियाबंद के इस पोषण पुनर्वास केंद्र ने अब तक 3,876 बच्चों को कुपोषण से मुक्त कर उन्हें एक नया जीवन दिया है। यह केंद्र लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। सिविल सर्जन डॉ. वाय.के. ध्रुव, नोडल अधिकारी डॉ. अंकुश वर्मा, डॉ. शंकर पटेल और उनकी पूरी टीम का यह प्रयास कुपोषण के खिलाफ एक बड़ी मिसाल बन गया है।
#PoshanMaah #पोषण_माह #GariabandNews #गरियाबंद #MalnutritionFree #कुपोषण_मुक्त_छत्तीसगढ़ #HealthChhattisgarh #NutritionRehabilitationCenter #NRCGariaband #HealthyKids #ChhattisgarhNews #breakingADNnews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments