नवा रायपुर - राज्यपाल ने किया ‘इलेक्शन ईयर बुक-2026’ का विमोचन.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
(रायपुर/नवा रायपुर) छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर (अटल नगर) में 11 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शानदार शुभारंभ हुआ है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया। देश में स्थानीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह दो दिवसीय सम्मेलन कई मायनों में बेहद ख़ास है।
'इलेक्शन ईयर बुक' का विमोचन: इस विशेष अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह पुस्तक छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन प्रक्रिया, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
पारदर्शिता और तकनीक पर जोर: उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने त्रिस्तरीय पंचायतों और स्थानीय निकायों की चुनाव प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी, समावेशी और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर बल दिया।
अतिथियों का स्वागत और विचार: राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए चुनाव को आधुनिक बनाने की दिशा में हो रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं, राज्य के मुख्य सचिव विकास शील ने प्रशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
डिजिटल पहल और चुनाव प्रबंधन पर मंथन:-
सम्मेलन के पहले दिन देशभर से आए राज्य निर्वाचन आयुक्तों और विशेषज्ञों ने चुनाव प्रबंधन में डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग और प्रक्रियाओं को सुगम बनाने पर व्यापक परिचर्चा की। कार्यक्रम में स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने अपने विचार साझा किए, जबकि संयोजक सुधांशु पांडे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कल (17 सितम्बर) का कार्यक्रम:-
सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितम्बर को नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में स्टैंडिंग कमिटी की अहम बैठक होगी। इसके पश्चात नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) द्वारा शहर के विकास पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। साथ ही, सभी अतिथियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा, आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का विशेष भ्रमण भी कराया जाएगा।





.jpg)








Comments