राजधानी में निगम आयुक्त का एक्शन: जोन-1 कार्यालय का औचक निरीक्षण, कबाड़ निस्तारण और जलागार निर्माण में तेजी लाने के निर्देश.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर नगर निगम के प्रशासनिक मुखिया ने खमतराई स्थित जोन-1 कार्यालय और पानी टंकी परिसर का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छता अभियान के तहत परिसर में जमा पुराने कबाड़ के निष्पादन कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी पुरानी और अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार नीलाम करने के लिए तुरंत मोटर कर्मशाला भेजा जाए।

कार्रवाई के तहत जोन कार्यालय में वर्षों से धूल फांक रही करीब 35 पुरानी साइकिलें महिला एवं बाल विकास विभाग को और लगभग 27 व्हीलचेयर हमर अस्पताल को उपयोग के लिए सौंप दी गई हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के मानकों के अनुरूप बाकी बचे कबाड़ और अपशिष्ट पदार्थों को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के अगले चरण में गुढ़ियारी के दीक्षा नगर पहुंचे प्रशासनिक प्रमुख ने वहां बन रहे नए जलागार की प्रगति परखी। आगामी गर्मियों में पानी की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य इसी साल तेजी से पूरा किया जाए। साथ ही गोंदवारा ब्रिज के पास के इलाके का मुआयना कर वहां जल्द से जल्द व्यवस्थित बाजार बसाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा, कार्यपालन अभियंता द्रोनी कुमार पैकरा और सहायक अभियंता शरद देशमुख समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments