‘नया भारत उत्सव’ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल का ‘जेन जी’ से सीधा संवाद, युवाओं के सवालों के सहजता से दिए जवाब...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर, मोदी सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में भव्य 'नया भारत उत्सव' एवं विशाल युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सदैव जनता और युवाओं के बीच अपनी सहज उपस्थिति दर्ज कराने वाले बृजमोहन अग्रवाल ने यहाँ पारंपरिक भाषण देने के बजाय आज की नई पीढ़ी यानी 'जेन जी' (Gen Z) के साथ खुला और सीधा संवाद स्थापित कर एक बार फिर सभी का दिल जीत लिया।
ज्ञात हो कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 100 से अधिक कॉलेजों में आयोजित विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से इस पूरे अभियान में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान सांसद अग्रवाल ने इन प्रतियोगिताओं के प्रतिभावान विजेता विद्यार्थियों को मंच से प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
"भाषण नहीं, सवालों के जवाब दूंगा" -
सभागार में उपस्थित सैकड़ों उत्साही युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "युवाओं के मन में ढेरों जिज्ञासाएं होती हैं, और उन जिज्ञासाओं के सही व स्पष्ट उत्तर उन्हें मिलने ही चाहिए। इसीलिए मैंने पिछले दो-तीन सालों से युवाओं से सीधे संवाद का यह सिलसिला शुरू किया है। मैंने यह तय किया है कि मैं यहाँ कोई औपचारिक भाषण नहीं दूँगा, बल्कि हमारे युवाओं के मन में जो भी प्रश्न होंगे, मैं खुद आगे बढ़कर उनके जवाब दूँगा।"
युवाओं ने पूछे बेबाक सवाल -
संवाद सत्र के दौरान युवाओं ने देश के विकास, राजनीति की दिशा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव से लेकर सांसद के व्यक्तिगत जीवन और अनुभवों तक पर बेबाकी से सवाल पूछे। अग्रवाल ने हर सवाल का बेहद आत्मीयता, संजीदगी और मुस्कुराहट के साथ जवाब दिया।
उन्होंने आगे कहा, "आज के बच्चों के मन में नित नई सोच और नए विचार होते हैं। आज के युवा क्या सोचते हैं, उनका विजन क्या है और वे व्यवस्था से क्या चाहते हैं— यह समझना हम सबके लिए बेहद जरूरी है। युवाओं से मिलकर ही हमें यह जानने का अवसर मिलता है कि सरकार को किस दिशा में सुझाव दिए जाएं, अपने काम करने के तौर-तरीकों में क्या सकारात्मक बदलाव किए जाएं और कार्यशैली को कैसे और अधिक जनहितैषी बनाया जाए।"
ये रहे उपस्थित -
इस युवा समागम में प्रमुख रूप से भोजराम देवांगन, योगेश दत्त मिश्रा, नवीन अग्रवाल, मोहन एंटी, सीमा साहू, संजय शर्मा, राकेश मिश्रा, गजेंद्र चंद्राकर, संजय जोशी, दानसिंह देवांगन और दीक्षा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments