सरायपाली में अखिल भारतीय गोंड़ समाज 18 गढ़ की बैठक....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- सरायपाली/महासमुंद: अखिल भारतीय गोंड़ समाज 18 गढ़, राज फुलझर की एक राजस्तरीय बैठक राजमहल, सरायपाली में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से 13 अक्टूबर 2026 को महासमुंद में बसंता ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन एवं कलेक्टर घेराव के दौरान सोशल मीडिया पर ‘अनादि चैनल’ के माध्यम से प्रसारित वीडियो पर विस्तृत चर्चा की गई। इस वीडियो में अखिल भारतीय गोंड़ समाज 18 गढ़ के केंद्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं फुलझर स्टेट के राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह पर सामाजिक फंड से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि के गबन के आरोप लगाए गए थे।
गबन के आरोपों को समाजजनों ने बताया बेबुनियाद
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया। समाजजनों के अनुसार, अखिल भारतीय गोंड़ समाज 18 गढ़ की केंद्रीय समिति के फंड में कभी भी करोड़ों रुपये की राशि रही ही नहीं है। केंद्रीय अध्यक्ष राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह ने कभी भी समाज के फंड की वित्तीय शक्तियां अपने पास नहीं रखीं और न ही समाज के फंड से किसी प्रकार का व्यक्तिगत लेन-देन किया है। ऐसे में उनके विरुद्ध एक करोड़ रुपये से अधिक के गबन का आरोप लगाना पूरी तरह तथ्यों के विपरीत और निराधार है।
महासभा के गठन और पदाधिकारियों का विवरण
फुलझर राज के उपाध्यक्ष पांडव नाग ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय गोंड़ समाज 18 गढ़ के पदाधिकारियों का चयन पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए महासभा के माध्यम से किया जाता है। समाज की दो दिवसीय महासभा 25 एवं 26 जून 2023 को बसना स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित हुई थी। इस महासभा में सर्वसम्मति से राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह को केंद्रीय अध्यक्ष, घासीराम माझी को कार्यकारी अध्यक्ष तथा बसंता ठाकुर को उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
शपथ ग्रहण टालने और समानांतर संगठन बनाने के आरोप
बैठक में आरोप लगाया गया कि इसके बाद बसंता ठाकुर के नेतृत्व वाले गुट द्वारा नवनियुक्त केंद्रीय पदाधिकारियों के निर्धारित शपथ ग्रहण कार्यक्रमों को लगातार स्थगित करवाया जाता रहा। समाज की ओर से शांतिदूत भेजे जाने के बावजूद वे अंततः शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। नाग ने आगे बताया कि 12 मार्च 2024 को बसंता ठाकुर ने पिथौरा में सामाजिक नियमावली की कंडिका 78 का उल्लंघन करते हुए अलग से महासभा आयोजित की और अखिल भारतीय गोंड़ समाज 18 गढ़ का समानांतर संगठन गठित कर स्वयं को केंद्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया। बैठक में इसे समाज में विभाजन और विवाद पैदा करने वाला कदम बताया गया।
सामाजिक प्रतिबंधों और प्रताड़ना पर चिंता
समाजजनों का कहना है कि उनकी दृष्टि में राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व वाली केंद्रीय समिति ही सामाजिक नियमावली के अनुरूप वैध समिति है। इसी आधार पर समानांतर संगठन की अध्यक्ष के रूप में बसंता ठाकुर को केंद्रीय समिति के कोष एवं वित्तीय स्थिति के संबंध में जानकारी मांगने का कोई अधिकार नहीं है। बैठक में यह भी कहा गया कि इन निराधार आरोपों के पीछे राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का राजनीतिक उद्देश्य छिपा है। इसके साथ ही, समाजजनों ने 13 अक्टूबर को आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह के संगठन पर लगाए गए सामाजिक प्रतिबंधों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक प्रतिबंध वास्तव में समानांतर संगठन की ओर से लगाए गए हैं। इन प्रतिबंधों के कारण कई तयशुदा विवाह टूट गए हैं, और दशगात्र व छट्ठी जैसे पारिवारिक कार्यक्रमों में रिश्तेदारों के आने-जाने व निमंत्रण पर रोक लगाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इस तरह की परिस्थितियों से समाज के कई लोग प्रताड़ित हो रहे हैं। बैठक में सभी ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और पारिवारिक संबंधों को बनाए रखने की पुरजोर आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस राजस्तरीय बैठक में केन्द्रीय अध्यक्ष राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह, फुलझर राज के कार्यकारी अध्यक्ष कमल नेताम, उपाध्यक्षद्वय पांडव नाग व करतार जगत, कोषाध्यक्ष गणेश कुमार सिदार, संगठन मंत्री कुंजल सिदार, सचिव परमानंद नागेश, सहसचिव ललित दीवान, कार्यसमिति सदस्य बनमाली जगत, लखेसिंह बाघ, रूपसिंह सिदार, सर्कल अध्यक्ष श्याम चरण सिदार, गोरेलाल सिदार, पुनीत राम सिदार, महावीर कश्यप, विद्याधर सिदार, गंगाराम सिदार, सफेद बाघ, हिरण सिदार, विजय सिदार, तथा सर्कल सचिव सुभाष सिदार, नयन सिदार, कुमेर सिंह नेताम, समुल नाग, बनाउराम दीवान, बोधसिंह सिदार, सुरीत नेताम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। #सरायपाली #महासमुंद #गोंड़समाज #राजफुलझर #देवेन्द्रबहादुरसिंह #सामाजिकबैठक #सामाजिकएकता #बसंता ठाकुर #छत्तीसगढ़ #BreakingADNNews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments