महापौर मीनल चौबे ने ली लोककर्म विभाग की बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन में आज लोककर्म विभाग की सलाहकार समिति की बैठक संपन्न हुई। महापौर मीनल चौबे की मौजूदगी में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी कार्य पूरी गति के साथ आगे बढ़ें।

इस समीक्षा बैठक में लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल सहित सलाहकार समिति के सदस्य — जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, जोन 9 अध्यक्ष गोपेश कुमार साहू, पार्षद राजेश कुमार देवांगन, आशु चंद्रवंशी, राजेश गुप्ता और कृष्णा सोनकर उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी जोनों के जोन आयुक्त, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, तथा कार्यपालन, सहायक एवं उप अभियंता भी बैठक में प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

चर्चा के दौरान मुख्य रूप से बीटी सड़क निर्माण और उनकी मरम्मत, नए विकास कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया, मुख्यालय की प्रमुख योजनाओं की प्रगति, बड़े निर्माण प्रोजेक्ट्स की स्थिति और विभिन्न वार्डों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। आम नागरिकों की परेशानियों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने, जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने तथा कार्यों की निरंतर समीक्षा करने पर भी विशेष बल दिया गया। इसके अलावा, भूगर्भ जल संरक्षण को लेकर भी बैठक में अलग से प्रावधान रखने पर चर्चा की गई।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments