पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बृहद स्वच्छता अभियान, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया श्रमदान.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
बसना। एकात्म मानवतावाद के प्रणेता एवं राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर बसना स्थित सिद्धेश्वर शिव मंदिर परिसर और तालाब में एक भव्य स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विधिवत् पूजा-अर्चना की तथा बसना विधानसभा सहित समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय देश के ऐसे महान विचारक और पथ-प्रदर्शक थे, जिन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान (अंत्योदय) का सपना देखा था। उनका मानना था कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ नहीं पहुँचता, तब तक राष्ट्र का समग्र विकास अधूरा है। उनके एकात्म मानवतावाद के सिद्धांत आज भी भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और नैतिक उत्तरदायित्व का हिस्सा होनी चाहिए। हमारे धर्मस्थलों, जलाशयों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंडित दीनदयाल के विचारों को आत्मसात करते हुए यदि हम अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखते हैं, तो यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संबोधन के पश्चात विधायक डॉ. संपत अग्रवाल स्वयं स्वच्छता अभियान की अग्रिम पंक्ति में नजर आए। उन्होंने हाथों में झाड़ू और सफाई उपकरण थामकर सिद्धेश्वर शिव मंदिर स्थित तालाब और उसके आसपास के परिसर की गहन सफाई की। विधायक को स्वयं श्रमदान करते देख उपस्थित कार्यकर्ताओं, नागरिकों और युवाओं में भारी उत्साह दिखा और सभी ने आगे बढ़कर इस सफाई अभियान में अपना योगदान दिया।
उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए विधायक ने कहा कि जब तक हम स्वयं पहल नहीं करेंगे, तब तक समाज में परिवर्तन संभव नहीं है। आज हमने इस पवित्र तालाब और मंदिर परिसर को स्वच्छ करने का जो संकल्प लिया है, इसे नियमित आदत बनाना होगा। एक स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और उन्नत राष्ट्र की आधारशिला है।
इस अवसर पर बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पंचायत बसना अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, डॉ. एन.के. अग्रवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा, उपाध्यक्ष नगर पंचायत शीत गुप्ता, महामंत्री भाजपा बसना सरोज पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष दीपा अरुण साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिन्हा, उपाध्यक्ष भाजपा बसना दिलीप साव, मधु खुंटे, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, खेमराज अग्रवाल, सुकदेव वैष्णव और निर्मल दास सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments