कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी मामले में बड़ा एक्शन, शोएब ढेबर और बीजेपी नेता का भांजा हिरासत में...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर: राजधानी में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने के हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात तेलीबांधा थाना पुलिस ने मेमन समाज के एक कार्यक्रम से शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही, जांच की आंच एक बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज तक भी पहुंची है, जिसे पुलिस ने तलब किया है।
इंटरनेट कॉलिंग के लिए दिया गया था हॉटस्पॉट -
इस पूरी साजिश का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से रंगदारी के लिए की गई व्हाट्सएप कॉल को ट्रेस किया। लोकेशन के आधार पर जांजगीर-चांपा के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जो पेशे से एक होटल का सिक्योरिटी गार्ड है। पूछताछ में चौंकाने वाला सच सामने आया कि आरोपी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को 25 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए जो कॉल की थी, उसके लिए शोएब ढेबर ने ही अपने मोबाइल से हॉटस्पॉट उपलब्ध कराया था।
होटल स्टाफ से भी पूछताछ, खंगाले जा रहे हैं पुराने तार -
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है और होटल के तीन अन्य कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल सेंट्रल जोन के एसीपी और थाना प्रभारी की टीम सभी संदिग्धों से सघन पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी, जिसकी एफआईआर कोतवाली थाने में दर्ज है। पुलिस अब इन दोनों मामलों के बीच के संभावित कनेक्शन की भी बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments