खतरे के निशान से 4 फीट उफान पर महानदी का पानी, दहशत में लोग....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
महानदी के रौद्ररूप धरने से चंद्रपुर सहित तटवर्ती इलाके के बाशिंदे दहशतजदा है। चूंकि, खतरे के निशान से महज 4 फीट नीचे उफान मार रहे महानदी का पानी नगर पंचायत समेत आधे दर्जन मोहल्लों तक जा पहुंचा, ऐसे में प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को अलर्ट भी किया है।
मां चन्द्रहासिनी की नगरी चंद्रपुर से होकर गुजरने वाली महानदी का जलस्तर शनिवार को 54 फीट तक जा पहुंचा, जो कि खतरे के लाल निशान से मात्र 4 फीट नीचे है। आमतौर पर महानदी के वाटर लेबल को 58 फीट तक सामान्य माना जाता है और जब पानी इसके ऊपर होता है तो चंद्रपुर के डेंजर जोन के दायरे में होते ही त्राहि-त्राहि का आलम दिखने लगता है।
जानकारों की माने तो बीती रात ऊपरी क्षेत्र में झमाझम बारिश होने और धमतरी के गंगरेल डैम का गेट खोलने के कारण चंद्रपुर में बाढ़ का पानी नगर पंचायत कार्यालय में घुसपैठ कर गया है। इसी तरह मंडी पारा, बस स्टैंड, बिजली ऑफिस और अस्पताल में भी बाढ़ का पानी पहुंचने से लोग परेशान हैं। हालांकि, मंडी पारा में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
वहीं, कलमा बैराज बनने के बाद लोग महानदी में खेती नहीं कर पाते इसलिए किसी भी किसान को आर्थिक क्षति नहीं हुई। बहरहाल, महानदी के जलस्तर को खतरे के निशान से 4 फीट नीचे बहते देख प्रशासन सजग है। फिर भी तटवर्ती इलाके में रहने वालों को सावधानी बरतने की ताकीद की गई है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments