सहसपुर लोहारा में 48 लाख के नए एसडीएम कार्यालय का लोकार्पण, प्रशासनिक कसावट पर जोर....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में प्रशासनिक व्यवस्था को धार देने की दिशा में एक नया कदम उठाया गया है। स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यहाँ 48 लाख रुपये की लागत से बने नए एसडीएम कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस नवीन परिसर के शुरू होने से अब अनुविभागीय स्तर के प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और क्षेत्रीय नागरिकों को शासकीय योजनाओं व सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता से मिल सकेगा।

लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन का मुख्य लक्ष्य आम जनता के कार्य समय पर पूरे करना और प्रशासनिक प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी व संवेदनशील बनाना है। चूंकि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम जनजीवन से जुड़ा होता है, इसलिए मामलों के निपटारे में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता के सेवक बनकर करें काम -
कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अमले को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी खुद को जनता का सेवक समझें तथा अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें। कार्यालय में अपनी फरियाद या काम लेकर पहुंचने वाले हर नागरिक के साथ उचित आदर-समान से पेश आएं और उनके दस्तावेज व प्रकरण तय समय सीमा के भीतर निपटाए जाएं। राजस्व कार्यों की मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। विष्णुदेव साय सरकार की मंशा साफ है कि शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।

क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी -
इस अवसर पर क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। सूतियापाठ स्थित मां हिंगलाज माता मंदिर के जीर्णोद्धार और मोतिमपुर से मंदिर तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 9.47 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा। इसके अतिरिक्त कवर्धा शहर में बिलासपुर और रायपुर मार्ग से आने वाले रास्तों पर 54 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। माता विंध्यवासिनी मंदिर, बूढ़ा महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण और महामाया मंदिर चौक से समनापुर तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी प्रगति पर है।
किसानों के विश्राम के लिए आधुनिक किसान सदन -
नवनिर्मित एसडीएम कार्यालय परिसर के भीतर ही किसानों और आम नागरिकों के बैठने के लिए एक विशेष 'किसान सदन' तैयार किया गया है। इस सदन में आगंतुकों के लिए टेलीविजन, आरामदायक कुर्सियों और शुद्ध ठंडे पानी (वाटर कूलर) की आधुनिक व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यालय पहुँचने वाले किसानों को इंतजार के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में ईश्वरी साहू, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कैलाश चंद्रवंशी, संतोष पटेल, लाला राम साहू, दुर्गा ठाकुर, सरिता मिश्रा, मनीराम साहू, हेमंत साहू, उमंग पांडे, जलेश्वर वर्मा, रेखचंद पटेल, परदेशी पटेल, रवि राजपूत, चंद्रन पटेल और विजय पटेल सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व नागरिक मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments