गुजराती स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य के खिलाफ हुसैनी सेना पहुंची अल्पसंख्यक आयोग छत्तीसगढ़ वक़्फ़ बोर्ड....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह क़लम से :-
रायपुर: राजधानी रायपुर के गुजराती स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। रायपुर जिला हुसैनी सेना ने स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और कार्यक्रम में शामिल हुईं वक्ता काजल हिंदुस्तानी पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में हुसैनी सेना ने देवेंद्र नगर थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी है। इसके अलावा, संगठन ने छत्तीसगढ़ प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड का दरवाजा भी खटखटाया है।
अल्पसंख्यक आयोग और वक्फ बोर्ड से की शिकायत -
हुसैनी सेना के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आमिर खान और प्रदेश सचिव हाफिजुद्दीन हफीज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा से मुलाकात की। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष राहिल रउफी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कय्यूम अली ने वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज से मामले की शिकायत दर्ज कराई। संगठन का आरोप है कि गुजराती स्कूल में हुए कार्यक्रम के दौरान बच्चों से सांप्रदायिक नारे लगवाए गए और मुस्लिम महिलाओं व धर्म विशेष के खिलाफ नफरत फैलाई गई, जिस पर तत्काल और सख्त एक्शन लिया जाना चाहिए।

मान्यता रद्द करने और स्कूल पर ताला जड़ने की चेतावनी -
हुसैनी सेना के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में घृणा फैलाकर प्रदेश की कौमी एकता और सामाजिक सद्भाव को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो हुसैनी सेना गुजराती स्कूल पर ताला जड़ देगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी। इसके साथ ही, संगठन ने स्कूली शिक्षा मंत्री से मिलकर गुजराती स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग उठाने का भी ऐलान किया है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद -
शिकायत सौंपने पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से मोहम्मद आमिर, हाफिजुद्दीन हफीज, मोहम्मद नौशाद, फैय्याज अहमद, अशफाक खान, मोहम्मद इसरार, अफजल कुरैशी, कायम अली, मोहम्मद अयाज, मोहम्मद रशीद, मोहम्मद मोहसिन खान और मुजफ्फर मुज्जु सहित अन्य सदस्य शामिल थे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)










Comments