कोरबा में दहशत: घर के पिंजरे में घुसा 5 फीट का कोबरा, एक तोते को बनाया निवाला; खौफनाक मंजर देख सहमा परिवार.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
कोरबा: शहर के मिशन रोड इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक रिहायशी मकान में रखे पालतू तोतों के पिंजरे में अचानक करीब पांच फीट लंबा विशालकाय कोबरा जा घुसा। घर के लोग जब पिंजरे के पास गए, तो अंदर नाग को फन काढ़े बैठा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
इस दर्दनाक घटना में परिवार के दो चहेते तोतों में से एक इस जहरीले सांप का शिकार हो चुका था और उसकी जान जा चुकी थी, जबकि दूसरा तोता पिंजरे के कोने में अपनी जान बचाने की जद्दोजहद कर रहा था। घरवालों के अनुसार, उन्होंने दोनों तोतों को लंबे समय से पाल रखा था और वे उनके लिए घर के सदस्यों जैसे ही थे। इस खौफनाक नजारे के बाद डरे हुए परिवार ने तुरंत 'नोवा नेचर फाउंडेशन' की वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही संस्था के प्रमुख जितेंद्र सारथी के निर्देश पर रेस्क्यूअर बॉबी मौके पर पहुंचे। पिंजरे का आकार काफी छोटा था और कोबरा फन फैलाकर बेहद आक्रामक मुद्रा में बैठा था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती बन गया था। हालांकि, टीम ने बड़ी ही सूझबूझ और सावधानी का परिचय देते हुए कोबरा को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया।
इस घटना पर जितेंद्र सारथी ने स्पष्ट किया कि परिवार का अपने पालतू पक्षी को इस तरह खोना यकीनन बेहद दुखद है। लेकिन प्राकृतिक नजरिए से देखा जाए, तो यह प्रकृति की खाद्य श्रृंखला (फूड चेन) का ही एक सामान्य हिस्सा है। सांप महज अपने भोजन की तलाश में भटकते हुए वहां पहुंचा था, इसलिए इस घटना के लिए उसे दोषी नहीं ठहराया जा सकता।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments