बिलासपुर में खौफनाक वारदात: 3 साल की पोती को बचाने आई दादी की चाकू गोदकर हत्या.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेंड्रा में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा तीन साल की मासूम को जबरन ले जाने के प्रयास का विरोध करने पर उसकी बुजुर्ग दादी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे आरोपी प्रशांत शुक्ला मृतका राजकुमारी यादव के घर पहुंचा और घर में मौजूद तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। पोती को बचाने के लिए जब बुजुर्ग महिला ने कड़ा विरोध जताया, तो दोनों के बीच तीखी नोकझोक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने तैश में आकर अपने पास रखे धारदार चाकू से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोग मौके की ओर दौड़े, तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। परिजन आनन-फानन में घायल महिला को लेकर बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सकरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी मासूम बच्ची को आखिर क्यों उठा ले जाना चाहता था, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि परिवार और आरोपी के बीच पहले से कोई पुरानी रंजिश थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments