खौफनाक वारदात: बिस्तर पर मिला महिला का लहूलुहान शव, पति मौके से फरार; इलाके में फैली सनसनी...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टोनाटार गांव में एक महिला की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। मृतका का शव उसके ही घर के बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से मृतका का पति रहस्यमय परिस्थितियों में गायब है, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।
खामोशी ने खोली खौफनाक राज की पोल -
जानकारी के मुताबिक, टोनाटार निवासी 50 वर्षीय रोहनी बंजारे अपने पति लखन बंजारे के साथ रहती थी। मंगलवार को जब काफी देर तक उनके घर से कोई हलचल नहीं हुई और भीतर से कोई आवाज नहीं आई, तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। पासपड़ोस के लोग जब माजरा समझने के लिए घर के अंदर दाखिल हुए, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर रोहनी का शव पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून फैला हुआ था। इस खौफनाक मंजर को देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
फोरेंसिक टीम और पुलिस जुटी तफ्तीश में -
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की गहन जांच की। शुरुआती मुआयने में मृतका के पैरों व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि इस जघन्य हत्याकांड को किसी धारदार हथियार से अंजाम दिया गया है। कमरे की दीवारों और फर्श पर भी खून के छींटे साफ देखे जा सकते हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से फरार चल रहे पति लखन बंजारे की भूमिका को संदेहास्पद मानते हुए पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments