बसना में 'संबल' चाइल्ड न्यूरो डेवलपमेंट एवं फिजियोथेरेपी सेंटर का भव्य शुभारंभ, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दी बधाई...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
बसना। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। अब विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के इलाज और रिहैबिलिटेशन के लिए लोगों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बसना के जगदीशपुर रोड (अशोक ऑयल मिल के पास) में सर्वसुविधायुक्त 'संबल' चाइल्ड न्यूरो डेवलपमेंट, रिहैबिलिटेशन एंड फिजियोथेरेपी सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन किया।


डॉ. एन. के. अग्रवाल के जन्मदिन पर हुई शुरुआत -
यह नया सेंटर अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की एक अभिनव पहल है, जिसे अस्पताल के चेयरमैन और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एन. के. अग्रवाल के जन्मदिन के खास अवसर पर जनता को समर्पित किया गया। उद्घाटन के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने डॉ. एन. के. अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ व यशस्वी जीवन की कामना की।

अंचल के लिए मील का पत्थर साबित होगा यह सेंटर -
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इस नई पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि 'संबल' सेंटर बसना सहित पूरे क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इस केंद्र का उद्देश्य सिर्फ बीमारियों का उपचार करना नहीं है, बल्कि बच्चों की अंतर्निहित क्षमताओं को पहचान कर उनके विकास में सही समय पर सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रोबोटिक फिजियोथेरेपी और उन्नत रिहैबिलिटेशन सुविधाओं से बच्चों और विशेष आवश्यकता वाले लोगों की शारीरिक क्षमता, संतुलन और दैनिक कार्यक्षमता में अभूतपूर्व सुधार आएगा।

रोबोटिक तकनीक और 'अर्ली इंटरवेंशन' से होगा इलाज -
'संबल' सेंटर की खूबियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह केंद्र बच्चों की शारीरिक और मानसिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यहां 'अर्ली इंटरवेंशन' के तहत शुरुआती उम्र में ही बच्चों के विकास से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनका तुरंत उपचार शुरू किया जाएगा।
विशेषज्ञों की देखरेख में मल्टीडिसिप्लिनरी रिहैबिलिटेशन और रोबोटिक तकनीक आधारित फिजियोथेरेपी से बच्चों की गतिशीलता में सुधार लाया जाएगा। इसके अलावा, हर बच्चे की व्यक्तिगत जरूरतों (संचार, व्यवहार, सामाजिक और मोटर स्किल्स) का सूक्ष्मता से आकलन कर उनके लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

कार्यक्रम में इन दिग्गजों की रही मौजूदगी -
इस गरिमामय उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के कई दिग्गज और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष एतराम साहू, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक विमल चौपड़ा, ओमप्रकाश चौधरी, रमेश जलान, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, कुमारी भास्कर, सरस्वती पटेल, आनंद राम मदनानी, सुब्रत चाकी, रेखा यादव, डॉ. रिति चंद्राकर, डॉ. जयश्री और जिला पंचायत सभापति सीमा नायक सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर, प्रबुद्ध नागरिक और अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सदस्य मौजूद रहे। अंत में प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments