रायपुर में 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के साथ निकली भव्य विसर्जन झांकियां, संतों और जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को विघ्नहर्ता भगवान गणेश की विसर्जन झांकियां पूरी भव्यता और उल्लास के साथ निकाली गईं। इस दौरान पूरा शहर 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों से गूंज उठा और हर कोई भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रायपुर डाकघर के सामने अखिल भारतीय संत समिति की ओर से मंच लगाकर सभी झांकी समितियों का शॉल और नारियल भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महात्यागी रामरूपदास महाराज, महामंडलेश्वर सर्वेश्वर दास महाराज, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष और दक्षिण कौशल के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन दास, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, भाजपा नेता बसंत अग्रवाल, नंदन जैन, अमरजीत सिंह, किशोर महानंद और आकाश विग सहित कई साधु-संत व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भक्ति में झूमते दिखे नेता और आम जन -
शोभायात्रा के दौरान एक अलग ही उत्साह देखने को मिला, जब भाजपा नेता बसंत अग्रवाल भी युवाओं के साथ ढोल-ताशे की थाप पर झूमते और थिरकते नजर आए। उन्होंने भगवान गणेश की आरती कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने इस आयोजन को देवलोक जैसा मनमोहक बताया। इतने बड़े और भीड़भाड़ वाले आयोजन के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर उन्होंने झांकी समितियों, कलाकारों और विशेष रूप से पुलिस व प्रशासन की मुस्तैदी की जमकर सराहना की। पूरे रास्ते मंच से झांकियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाती रही।
1 अक्टूबर को होगा झांकी समितियों का सम्मान -
अखिल भारतीय संत समिति द्वारा गणेशोत्सव में शामिल भव्य झांकियों को सम्मानित करने के लिए 1 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को शाम 4 बजे से गुढ़ियारी के मच्छी तालाब स्थित मां भारती विद्यालय में एक प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये, द्वितीय 31,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 21,000 रुपये निर्धारित किया गया है, साथ ही सांत्वना पुरस्कार भी बांटे जाएंगे। आयोजकों ने सभी गणेश उत्सव समितियों, कलाकारों और आम नागरिकों से इस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments