महासमुंद में डिजिटल सेवाओं का विस्तार: सेवा सेतु पोर्टल पर शुरू होंगी नई पांच ऑनलाइन सेवाएं....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- महासमुंद: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आम नागरिकों तक सहज, सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पांच नई ऑनलाइन सेवाओं के संचालन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश जारी किए गए हैं। नई सेवाओं के शुरू होने से नागरिकों को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और घर बैठे ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग और पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग से संबंधित पांच सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नलकूप खनन की अनुमति, निविदा स्वीकृति के पश्चात असफल ठेकेदारों की अमानत राशि की वापसी तथा पेयजल स्रोतों के परीक्षण से संबंधित सेवाएं शामिल हैं।
वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्थानांतरण प्रमाण पत्र (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के अंतर्गत पशु रोग प्रकोप संबंधी जानकारी (एनिमल डिजीज आउटब्रेक इन्फॉर्मेशन) से जुड़ी सेवा को भी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराने की तैयारी है। जारी निर्देशों के अनुसार इन पांचों सेवाओं के ऑनलाइन संचालन एवं प्रदाय की प्रक्रिया से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को प्रशिक्षण की तिथि, समय और स्थान निर्धारित कर जिला कार्यालय को अवगत कराने तथा प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार होने से नागरिकों को शासकीय सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल प्रक्रिया से अनावश्यक कार्यालयीन आवागमन में कमी आएगी तथा समय और श्रम की बचत होगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments