ड्रोन से हो रही हाथियों की निगरानी, जशपुर वन विभाग का विशेष सुरक्षा अभियान...
Updated: 2 days ago

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायपुर: जशपुर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही पर लगाम कसने और जनहानि टालने के लिए महकमे ने गश्त तेज कर दी है। तकनीक का सहारा लेते हुए अब आसमान से ड्रोन के जरिए हाथियों के हर कदम पर नजर रखी जा रही है, वहीं मैदानी अमला गांवों में मुनादी करवाकर लोगों को आगाह कर रहा है।
बीते 12 अक्टूबर को तपकरा रेंज के सागजोर बीट में हाथियों के झुंड की आहट मिलते ही अमला हरकत में आ गया। फौरन आसपास की बस्तियों में मुनादी कर मुनादी दल ने लोगों को जंगल की सीमा से दूर रहने और सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
आधुनिक तकनीक और अमले का कड़ा पहरा
जंगली दिग्गजों की लोकेशन ट्रैक करने के वास्ते ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उनकी सही स्थिति का अंदाजा लगाकर वक्त रहते कदम उठाए जा सकें। महकमे के मैदानी कर्मचारी लगातार गांवों में कैंप कर रहे हैं ताकि लोगों को सुरक्षा के बुनियादी कायदे समझाए जा सकें। समय पर सटीक सूचना मिलने से संभावित टकराव और हादसों को आसानी से टाला जा सकता है।
सावधानी ही बचाव, न लें जोखिम -
अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि गजराजों को खुद से खदेड़ने, घेरने या उनके करीब जाकर वीडियो-फोटो शूट करने की भूल कतई न करें। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। हिदायत दी गई है कि रात के वक्त जंगल के रास्तों पर न निकलें, बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित ठिकानों पर रखें और नशे की हालत में बिल्कुल भी जंगली इलाकों का रुख न करें।
आपसी तालमेल से टलेगा खतरा -
स्थानीय वन अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की हिफाजत उनकी पहली प्राथमिकता है। जनसहयोग और मुस्तैदी से ही इस समस्या से पार पाया जा सकता है। हाथी दिखने पर तुरंत विभाग को इत्तिला दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले उचित प्रबंध किए जा सकें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments