मधुमक्खियों के हमले के बाद खेत में मिला बुजुर्ग का शव.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
खैरागढ़:- ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम घोंघेडबरी में मधुमक्खियों के हमले के बाद एक बुजुर्ग की मौत हो गई। ग्राम भनपुरी, राजनांदगांव निवासी माखन वर्मा अपनी बेटी के घर खेती कार्य में सहयोग करने पहुंचे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर, उनकी बेटी और नातिन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों अलग-अलग दिशा में भागे। बाद में माखन का शव धान के खेत में पानी में डूबा मिला। रविवार सुबह करीब 11 बजे माखन वर्मा अपनी बेटी बोधंतिन वर्मा और नातिन के साथ धान के खेत में खाद का छिड़काव कर रहे थे।
इसी दौरान पास के खेत में नीम के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक मधुमक्खियां निकल आईं और तीनों पर हमला कर दिया। बोधंतिन और उनकी बेटी किसी तरह गांव पहुंचीं, लेकिन माखन उनके साथ नहीं थे। जानकारी मिलने के बाद सरपंच और ग्रामीण खेत पहुंचे और माखन की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान वे धान की फसल के बीच पानी में डूबे मिले। उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। माखन की मौत मधुमक्खियों के डंक से हुई या पानी में डूबने अथवा किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।





.jpg)








Comments