शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्कूलों में साईंश्योर न्यूट्रिशन पायलट प्रोजेक्ट का किया शुभारंभ...
छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पोषाहार अभियान: शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने ‘साईंश्योर न्यूट्रिशन पायलट प्रोजेक्ट’ का किया श्रीगणेश...
राजधानी रायपुर के तीन सरकारी विद्यालयों के करीब 500 विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त पोषक आहार...
विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य, बौद्धिक विकास और पठन-पाठन की क्षमता को मिलेगी नई ऊर्जा...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर, - छत्तीसगढ़ में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को उच्च स्तर पर ले जाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में ‘साईंश्योर न्यूट्रिशन कार्यक्रम’ के पायलट प्रोजेक्ट का गुरुवार को आधिकारिक शुभारंभ किया। इस योजना के शुरुआती चरण के तहत रायपुर के तीन शासकीय स्कूलों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं को रोजाना निःशुल्क पोषण सामग्री मुहैया कराई जाएगी।

किन संस्थानों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ ?
इस पायलट प्रोजेक्ट के दायरे में फिलहाल नवीन प्राथमिक शाला नवागांव, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय परसदा तथा शासकीय विद्यालय छेरीखेड़ी को शामिल किया गया है।
इस अनूठी पहल का मुख्य लक्ष्य नन्हें विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनकी एकाग्रता और अकादमिक प्रदर्शन में सुधार लाना है, ताकि वे बेहतर तरीके से शिक्षा ग्रहण कर सकें।

गरिमामयी उपस्थिति और ट्रस्ट का देशव्यापी विस्तार -
इस अवसर पर सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के ट्रस्टी आनंद कडली, शिक्षा विभाग के प्रमुख अधिकारी, स्कूलों के शिक्षकवृंद और सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपने हाथों से साईंश्योर न्यूट्रिशन वितरित कर इस सेवा कार्य का आगाज किया।
ट्रस्ट के आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में देश के 25 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में एक करोड़ से अधिक बच्चों को सुबह का पौष्टिक आहार लगातार प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे का परिणाम -
गौरतलब है कि इसी साल जुलाई 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुद्देनहल्ली स्थित सत्य साईं ग्राम का भ्रमण किया था और सद्गुरु मधुसूदन साईं से मुलाकात की थी। उस दौरान प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में आपसी सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप अब छत्तीसगढ़ में इस विशेष पोषण कार्यक्रम की आधारशिला रखी गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि एक स्वस्थ और पोषित बच्चा ही भविष्य की चुनौतियों का बेहतर सामना कर सकता है। रायपुर में 500 बच्चों के साथ शुरू हुए इस पायलट प्रोजेक्ट के परिणामों को देखते हुए आने वाले दिनों में इसका विस्तार प्रदेश के अन्य जिलों के विद्यालयों में भी किया जाएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments