बीजापुर: ऐतिहासिक महादेव तालाब में श्रमदान, वन मंत्री केदार कश्यप ने दिया स्वच्छता का संदेश....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर: राज्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत बीजापुर जिले में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। वन एवं प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने यहां के ऐतिहासिक महादेव तालाब परिसर में पहुंचकर खुद श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने जलकुंभी और कचरे की सफाई कर आमजन को स्वच्छ और सुंदर भारत के निर्माण का संदेश दिया।

इस स्वच्छता महाअभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर तालाब की स्थिति को सुधारने के लिए सफाई की और भविष्य में अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ भारत: केदार कश्यप -
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि किसी भी क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए केवल सरकारी प्रयास नाकाफी होते हैं। इसके लिए हर एक नागरिक को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझनी होगी। सार्वजनिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और जलस्रोतों को सहेजना हम सबका साझा कर्तव्य है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की सोच के साथ उठाया गया हर एक छोटा कदम इस अभियान को एक बड़ा जनआंदोलन बना सकता है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छाग्रही दीदियों का हुआ सम्मान -
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मंत्री कश्यप ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट किए। साथ ही, नगर पालिका की सफाई दीदियों को सुरक्षा की दृष्टि से पीपीई किट और विशेष स्वच्छता सामग्री वितरित की गई, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

इस जन-अभियान में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी के साथ जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)



Comments