google.com, pub-3310156774694367, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
WhatsApp Image 2025-09-10 at 15.54_edite
ADN FILMS POSTER

BREAKING ADN NEWS

WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.10.10.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (2).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31 (1).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (1).jpeg

कथित प्रेम संबंध के विवाद में रंजिश, बहू ने सास को कोल्ड ड्रिंक में पिलाया जहर....

Oct 5
3 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-

बिलासपुर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र गंगानगर निवासी 57 वर्षीय रूखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने अपनी बहू कविता ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि बहू ने जान से मारने की नीयत से कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर उसे पिला दिया। पेय पीने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर उपचार चला। पुलिस ने महिला की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर बहू कविता ठाकुर के खिलाफ धारा 118(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


उपवास के दौरान बहू ने दी कोल्ड ड्रिंक

रूखमणी के बयान के मुताबिक, 17 जुलाई को वह उपवास पर थी। सुबह करीब 11 बजे वह काम से घर लौटी। कुछ देर बाद उसकी बहू कविता ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। महिला ने कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद चाय भी पी। इसके कुछ ही समय बाद उसे उल्टी और चक्कर आने लगे। देखते ही देखते वह बेहोश हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए मंगला चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया।


एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर चला इलाज

सिम्स में भर्ती होने के बाद रूखमणी की हालत काफी गंभीर बताई गई। उसे करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रखा गया। गंभीर स्थिति के कारण वह तत्काल पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं थी। जब स्वास्थ्य में सुधार हुआ तो 2 अगस्त को पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को रूखमणी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।


अस्पताल में भर्ती सास के घर से जेवर और नकदी ले जाने का आरोप

रूखमणी ने अपनी शिकायत में बहू पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, जब वह अस्पताल में भर्ती थी, उसी दौरान कविता घर से चली गई। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने मायके के लोगों को बुलाया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर के अलावा करीब 3.50 लाख रुपये नकद लेकर मुंगेली जिले के ग्राम टिंगीपुर चमारी चली गई। महिला का यह भी आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बहू और उसके मायके वालों ने उसकी तबीयत की जानकारी लेने में भी कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।


बहू के कथित प्रेम संबंध को लेकर पहले से चल रहा था विवाद

पुलिस को दिए बयान में रूखमणी ने बताया कि उसे कविता के एक युवक के साथ कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली थी। महिला के अनुसार उसने कविता को युवक से फोन पर बातचीत करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद उसने अपने पति राजकुमार को इसकी जानकारी दी और कविता का मोबाइल अपने पास रखने को कहा। रूखमणी के मुताबिक, 10 जुलाई को राजकुमार ने कविता का मोबाइल अपने पास रख लिया था। इसके बाद घर में तनाव बढ़ गया और दोनों के बीच विवाद तथा गाली-गलौज होने लगी। महिला ने आशंका जताई है कि इसी विवाद और कथित प्रेम संबंध की जानकारी सामने आने की रंजिश में उसे कीटनाशक मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई।


पीड़ित पक्ष ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल

मामले में शिकायत और कार्रवाई में देरी को लेकर पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद महिला की हालत बेहद गंभीर रही और उसे कई दिनों तक अस्पताल में इलाज कराना पड़ा, इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई में काफी समय लगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला ने जो आरोप लगाए हैं, उनके समर्थन में क्या साक्ष्य मौजूद हैं और कथित तौर पर कीटनाशक दिए जाने की घटना वास्तव में कैसे हुई। पीड़ित पक्ष ने मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।

Comments


© 2018 by Anis lala dani. Proudly created with breakingadnnews.com

  • Subscribe Channale
bottom of page
naver-site-verification: navere8d42c0359e3e135363406d5b6093c27.html